HNBGU को 459 करोड़ की बड़ी सौगात, अनुसंधान एवं शैक्षणिक ढांचे को मिलेगी नई मजबूती
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से की मुलाकात, एनआईटी श्रीनगर के विकास सहित कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली/देहरादून | 06 अगस्त 2026 | SKS News
उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से शिष्टाचार भेंट कर राज्य के उच्च शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में हेफा (HEFA) के माध्यम से हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल (केंद्रीय) विश्वविद्यालय (HNBCGU) में ₹459.095 करोड़ की लागत से शैक्षणिक एवं अनुसंधान अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने की महत्वाकांक्षी परियोजना प्रमुख रूप से चर्चा का विषय रही।
459 करोड़ की परियोजना से मिलेगा आधुनिक शैक्षणिक एवं अनुसंधान ढांचा
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रस्तावित परियोजना के माध्यम से विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, अनुसंधान प्रयोगशालाओं एवं नवाचार आधारित अवसंरचना का विकास किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे तथा विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शोध गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड में उच्च शिक्षा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और प्रदेश के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराएगी।
एनआईटी श्रीनगर के विकास पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान डॉ. रावत ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को एनआईटी श्रीनगर (गढ़वाल) के नवनिर्मित परिसर के लोकार्पण के लिए समय देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि नए परिसर के शीघ्र संचालन से छात्रों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को आधुनिक शैक्षणिक और प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने संस्थान में स्थायी निदेशक की शीघ्र नियुक्ति की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि संस्थान का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से हो सके।
जलभराव और विस्थापन का मुद्दा भी उठाया
डॉ. धन सिंह रावत ने एनआईटी श्रीनगर परिसर में वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। साथ ही परिसर से प्रभावित छह परिवारों के समुचित पुनर्वास एवं विस्थापन के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने इन सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
उत्तराखंड की उपलब्धियों की सराहना
बैठक के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड द्वारा हासिल की गई उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना की।
उन्होंने विशेष रूप से—
- उत्तराखंड को ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ का दर्जा मिलने,
- तथा यूनेस्को एआई फॉर एजुकेशन अवार्ड-2026 में उत्तराखंड एससीईआरटी की शिक्षक प्रशिक्षण परियोजना के विश्व की शीर्ष छह परियोजनाओं में शामिल होने
पर राज्य सरकार और डॉ. धन सिंह रावत को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
डॉ. रावत ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में उच्च शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं का विस्तार होगा।
