घंटाकर्ण पेयजल पम्पिंग योजना से 5-6 माह से नियमित जलापूर्ति नहीं, ग्रामीणों ने समाधान की मांग की
टिहरी। विकास खंड चम्बा की मखलोगी पट्टी के तुंगोली गाँव के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रधान देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में जिलाधिकारी टिहरी से मुलाकात कर घंटाकर्ण पेयजल पम्पिंग योजना से हो रही अनियमित जलापूर्ति की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने मांग की कि गाँव में नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह रावत ने बताया कि पिछले 5-6 माह से गाँव में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले घंटाकर्ण योजना से गाँव में पानी मिलता था, लेकिन अब एक सप्ताह में केवल एक दिन ही पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत प्रधान देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में 5 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज की। प्रतिनिधि मंडल में देवेंद्र सिंह रावत, विक्रम सिंह रावत, किशन सिंह, रविंद्र सिंह और बिक्रम सिंह शामिल थे। उन्होंने अनुरोध किया कि अधिशासी अभियंता जल निगम चम्बा से शीघ्र पेयजल समस्या का समाधान कराया जाए।
