‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान: थत्यूड़ में दो दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर सम्पन्न
पहले दिन प्रगतिशील काश्तकारों का सम्मान और मुख्यमंत्री श्रम किट वितरण, दूसरे दिन 200 विद्यार्थियों ने लिया कैरियर काउंसिलिंग का लाभ
थत्यूड़, टिहरी गढ़वाल, 29 सितंबर 2026। शासन के निर्देशों के क्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड जौनपुर के मुख्यालय थत्यूड़ में दो दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।
शिविर के प्रथम दिवस रविवार को स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने प्रगतिशील काश्तकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया तथा मुख्यमंत्री श्रम किट का वितरण किया। इस दौरान करीब दो दर्जन शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे गए।
200 विद्यार्थियों ने लिया कैरियर काउंसिलिंग का लाभ
शिविर के दूसरे दिन सोमवार को विभिन्न विद्यालयों के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को रोजगार एवं कैरियर से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी गईं। काउंसिलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप कैरियर विकल्पों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
146 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, दवाओं का वितरण
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें 146 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण का लाभ उठाया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिविर में पहुंचकर लोगों को संबंधित विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।
विकासखंडों में शिविर आयोजित करने के निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने शासन द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद के विभिन्न विकासखंडों में न्याय पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आमजन को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ ही शिविरों में प्राप्त शिकायतों, समस्याओं एवं मांग पत्रों पर समयबद्ध आवश्यक कार्रवाई एवं निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विभिन्न विभागों ने किया प्रतिभाग
खंड विकास अधिकारी जौनपुर एवं नोडल अधिकारी अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मो. असलम, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व, सेवायोजन, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्थानीय समुदाय तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

