स्वच्छता सेवा पखवाड़े में निबंध प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने दिया गंगा संरक्षण का संदेश
राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में नमामि गंगे परियोजना के तहत प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर रखे विचार
मजरा महादेव, पौड़ी गढ़वाल। नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में स्वच्छता सेवा पखवाड़े के तहत निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए स्वच्छता, गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निबंधों के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के महत्व, गंगा की स्वच्छता तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता को रेखांकित किया।
लता त्रिपाठी ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
निबंध प्रतियोगिता में बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा लता त्रिपाठी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के अजय एवं बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की करिश्मा रावत संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की रेशमा एवं संजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में डॉ. राकेश कुमार भट्ट एवं डॉ. इन्द्रपाल सिंह रावत ने निर्णायक की भूमिका निभाई। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के निबंधों का मूल्यांकन विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण, भाषा तथा विचारों की मौलिकता के आधार पर किया।
स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में प्रतियोगिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजेश कुमार ने प्रतियोगिता में सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता विकसित करने के साथ-साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. चन्द्र बल्लभ नैनवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से गंगा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।

