PCS अधिकारी बने मजगांव के अभिषेक कंडारी, जौनपुर क्षेत्र में खुशी की लहर
स्व. वीरेंद्र सिंह कंडारी के सुपुत्र ने बढ़ाया टिहरी और जौनपुर का मान, क्षेत्रभर से मिल रही बधाइयां
जौनपुर/टिहरी गढ़वाल, SKS News।
जौनपुर विकासखंड की सकलाना पट्टी अंतर्गत ग्राम मजगांव के युवा अभिषेक कंडारी ने PCS परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र, जनपद और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है।
PCS अभिषेक कंडारी, श्रीमती मुन्नी कंडारी एवं स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह कंडारी के सुपुत्र हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने अथक परिश्रम, दृढ़ संकल्प और लगन के बल पर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
अभिषेक की सफलता को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि जौनपुर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से यह सिद्ध हुआ है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो पहाड़ के युवा भी प्रशासनिक सेवाओं में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।
क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों सहित अनेक लोगों ने अभिषेक कंडारी और उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। ग्रामीणों ने कहा कि अभिषेक की सफलता ने न केवल जौनपुर बल्कि पूरे टिहरी गढ़वाल का गौरव बढ़ाया है। आने वाली पीढ़ियों के लिए यह उपलब्धि प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।
‘सरहद का साक्षी’ डिजिटल मीडिया परिवार की ओर से अभिषेक कंडारी को PCS अधिकारी बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें भविष्य में और अधिक सफलता एवं जनसेवा का अवसर प्रदान करे।
