नई टिहरी जिला चिकित्सालय में शुरू हुई 'सर्वांग स्वेदन चिकित्सा' सेवा, अब आयुर्वेद से मिलेगा दर्द और तनाव से राहत
नई टिहरी जिला चिकित्सालय में शुरू हुई 'सर्वांग स्वेदन चिकित्सा' सेवा, अब आयुर्वेद से मिलेगा दर्द और तनाव से राहत
Table of Contents
Toggleटिहरी गढ़वाल, 11 जुलाई 2026 | SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल के लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं का बेहतर लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आयुष विंग, जिला चिकित्सालय बौराड़ी (नई टिहरी) में ‘सर्वांग स्वेदन चिकित्सा (Whole Body Steam Therapy)’ सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब मरीजों को आधुनिक आयुर्वेदिक उपचार स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा।
वरिष्ठ चिकित्साधिकारी (आयुर्वेद) डॉ. सिद्धि मिश्रा ने बताया कि सर्वांग स्वेदन आयुर्वेद की एक प्रभावी एवं प्राचीन उपचार पद्धति है, जिसमें औषधीय भाप (Medicinal Steam) के माध्यम से पूरे शरीर को स्वेदन दिया जाता है। यह उपचार शरीर में संचित विषैले तत्वों को बाहर निकालने, रक्त संचार को बेहतर बनाने तथा मांसपेशियों और जोड़ों की जकड़न को कम करने में सहायक माना जाता है।
उन्होंने बताया कि यह चिकित्सा विशेष रूप से गठिया (Arthritis), कमर दर्द, सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस, जोड़ों के दर्द, मांसपेशियों की अकड़न, तनाव तथा वातजनित रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए लाभकारी है।
डॉ. सिद्धि मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक मरीज की स्वास्थ्य स्थिति का चिकित्सकीय परीक्षण एवं मूल्यांकन करने के बाद ही सर्वांग स्वेदन चिकित्सा दी जाएगी। पूरी प्रक्रिया प्रशिक्षित चिकित्सकीय टीम की निगरानी में संचालित होगी, जिससे उपचार सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से किया जा सके।
उन्होंने कहा कि मरीज चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नियमित रूप से इस चिकित्सा का लाभ लेकर बेहतर स्वास्थ्य एवं जीवन गुणवत्ता प्राप्त कर सकते हैं।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुभाष चन्द ने बताया कि जनपदवासियों को बेहतर आयुष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय आयुष चिकित्सालय, नई टिहरी में सर्वांग स्वेदन चिकित्सा मशीन उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा तथा स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक आयुर्वेदिक चिकित्सा का लाभ मिलेगा।
आयुष विभाग के चिकित्सकों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे आयुष विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस नवीन चिकित्सा सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सकों से परामर्श लेकर उचित उपचार प्राप्त करें।
Administrator
“खबर वही होती है जिसे दबाने की कोशिश की जाती है, बाकी सब विज्ञापन है। मकसद स्पष्ट होना चाहिए। असल मायने यह है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं। मैं न केवल कलमकार हूँ, बल्कि खबरों के छपने की नींव भी हूँ। इस व्यवस्था का हिस्सेदार हूँ, और इसे बदलने का इच्छुक भी। भावनाओं के साथ बुद्धि का संतुलन रखता हूँ, सच्चाई का साथ और झूठ का विरोध करता हूँ।“
