अमर शहीद श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व स्कूली बच्चों ने सहभागिता निभाई; रैली, पौधरोपण और विचार स्मरण के माध्यम से दी पर्यावरणीय व राष्ट्रभक्ति श्रद्धांजलि।
नई टिहरी, 25 जुलाई 2025 –
स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत एवं जननायक अमर शहीद श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को जिला कारागार परिसर, नई टिहरी में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में देशभक्ति रैली, वृक्षारोपण और छात्रों के लिए जलपान जैसी विभिन्न गतिविधियाँ संपन्न हुईं।
बच्चों ने निकाली देशभक्ति रैली, हुआ भमोरा पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति नारों के साथ एक सशक्त रैली निकाली गई। वहीं कारागार परिसर के समीप भमोरा प्रजाति के पौधों का रोपण कर श्रीदेव सुमन को पर्यावरणीय श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नगर पालिका परिषद टिहरी द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए जलपान की विशेष व्यवस्था भी की गई।
विधायक किशोर उपाध्याय ने किया बलिदान का स्मरण
विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि श्रीदेव सुमन ने 84 दिनों का आमरण अनशन कर अन्याय के विरुद्ध अपने प्राणों का उत्सर्ग किया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक को जनहित में निष्ठा एवं कर्तव्यभाव से कार्य करना चाहिए, तभी जिले का समग्र विकास सुनिश्चित हो सकेगा।
जिलाधिकारी ने सुमन जी के विचारों को बताया प्रेरणास्त्रोत
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन आज की पीढ़ी के लिए एक महान प्रेरणा है। उन्होंने स्कूली छात्रों से आह्वान किया कि वे श्रीदेव सुमन के विचारों और जीवन मूल्यों को आत्मसात करें। उनके द्वारा दिया गया बलिदान हमें यह सिखाता है कि किस प्रकार हम अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से अपने अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं।
उपस्थित गणमान्य एवं प्रतिभागी
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जेलर रामेश्वर सिंह राणा, डिप्टी जेलर दीपाली, कनिष्ठ सहायक नितिन चौहान, बंदी रक्षक राजेश डिमरी, अन्य जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, पुलिस और जेल कर्मचारी, तथा स्कूली शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
