गंगा स्वच्छता को लेकर टिहरी प्रशासन सख्त, एसटीपी संचालन पर डीएम ने मांगी रिपोर्ट
जिला गंगा समिति की बैठक में एसटीपी नवीनीकरण और सीवर सुधार कार्यों की हुई समीक्षा
टिहरी गढ़वाल, 22 मई 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में गंगा स्वच्छता और सीवरेज प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) संचालन और सुधार कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में विगत माह एसटीपी प्लांटों को एनजीटी मानकों के अनुरूप संचालित कराने के निर्देशों के तहत संबंधित विभागों से कार्यवाही रिपोर्ट मांगी गई थी। समीक्षा के दौरान पाया गया कि जल संस्थान, मुनिकीरेती गंगा इकाई द्वारा अब तक रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने और शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई (गंगा), श्रीनगर द्वारा बैठक में जानकारी दी गई कि देवप्रयाग क्षेत्र में 217 मीटर सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में घरों को सीवर लाइन से जोड़ने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है, जिससे सीवरेज व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में यह भी बताया गया कि 10 केएलडी क्षमता वाले कीर्तिनगर एसटीपी में डिस्चार्ज मापन के दौरान लगभग 40 केएलडी डिस्चार्ज प्राप्त हो रहा है। अतिरिक्त डिस्चार्ज की समस्या के समाधान के लिए 5000 लीटर क्षमता का टैंक स्थापित किया गया है तथा एसटीपी की क्षमता बढ़ाने हेतु कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
भागीरथीपुरम स्थित एसटीपी प्लांट के नवीनीकरण को लेकर अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, जल संस्थान नई टिहरी को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। यह प्रस्ताव राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, उत्तराखंड को भेजा जाएगा, ताकि संबंधित कार्यों के लिए बजट स्वीकृत कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
