टिहरी SIR अभियान: मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश, बुजुर्गों के घर जाकर होगी सुनवाई; डीएम नितिका खण्डेलवाल ने किया बूथ निरीक्षण
65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर होगी सुनवाई, जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बूथ का किया निरीक्षण
टिहरी गढ़वाल, 06 अगस्त 2026 | SKS News
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उत्तराखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल के आयुक्तों तथा सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) को निर्देशित किया कि 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर जारी नोटिसों की सुनवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में मतदाता विवरण में विसंगति है, उनमें बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को अनावश्यक रूप से बूथ तक आने के लिए बाध्य न किया जाए।
फार्म-6, 7 और 8 के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करें
समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि फार्म-6 (नाम जोड़ने), फार्म-7 (नाम हटाने) तथा फार्म-8 (संशोधन) के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि यदि किसी एक मतदाता द्वारा पांच से अधिक दावे या आपत्तियां प्रस्तुत की जाती हैं, तो संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) स्वयं विधिवत जांच एवं सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
मंडलायुक्त करेंगे जिलों की सुपर चेकिंग
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत तथा गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने मंडलों के जनपदों का भ्रमण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सुपर चेकिंग करें तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करें।
बैठक में टिहरी गढ़वाल से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया बूथ का स्थलीय निरीक्षण
मुख्य निर्वाचन अधिकारी की समीक्षा बैठक के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विकासखंड चंबा स्थित बूथ संख्या-29, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सुमन कॉलोनी (टावर मोहल्ला) का स्थलीय निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि संबंधित बूथ पर कुल 294 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 104 मामलों में विसंगतियां चिन्हित की गई हैं, जिनमें 62 अनमैप तथा 42 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। अब तक 35 मामलों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है अभियान का उद्देश्य
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
उन्होंने जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुए हैं, उनसे अपील की कि वे किसी प्रकार की चिंता न करें और आवश्यक जानकारी के लिए अपने बीएलओ अथवा निर्वाचन विभाग की हेल्पलाइन से संपर्क करें।
उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की अपील करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शाकिर हुसैन, बीएलओ सुपरवाइजर सुमित, बीएलओ राहुल, निर्वाचन कार्यालय से मनोज भट्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
