टिहरी के बीएलओ का उत्कृष्ट प्रदर्शन, घर-घर सत्यापन और डिजिटाइजेशन में दिखाई सक्रियता
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में कई बीएलओ ने समय से पहले पूरा किया कार्य, जिलाधिकारी ने की प्रशंसा
घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में कई बीएलओ ने हासिल की शत-प्रतिशत सफलता
टिहरी गढ़वाल, 19 जून 2026 | SKS News
जनपद टिहरी गढ़वाल में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण एवं बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी और प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। कई बीएलओ ने निर्धारित समयावधि के भीतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य
धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय नकोट (भाग संख्या-11) की बीएलओ रेखा देवी ने 212 मतदाताओं में से 211 गणना प्रपत्र वितरित कर 211 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन भी पूर्ण किया।
इसके अतिरिक्त राजकीय इंटर कॉलेज सडव (भाग संख्या-31) की बीएलओ सुशीला देवी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय मसोन (भाग संख्या-20) की बीएलओ रंगीता रावत, गांवखेत की बीएलओ निर्मला, नैनगांव की बीएलओ दीपिका, ढकरोल की बीएलओ रंजना एवं सुपरवाइजर सिमरन, तथा कांडी की बीएलओ नीलम एवं सुपरवाइजर बलदेव तोमर द्वारा भी समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण किया गया।
घनसाली विधानसभा क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि
घनसाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय आर्स (मतदेय स्थल संख्या-32) की बीएलओ अनीता गैरोला ने कुल 381 मतदाताओं में से 364 गणना प्रपत्र वितरित कर 364 का डिजिटाइजेशन पूर्ण किया।
इसके साथ ही जोगियाड़ा की बीएलओ सचेंद्री देवी, कोठियाड़ा की बीएलओ अनु देवी तथा वाड अणुवा की बीएलओ अंबिका देवी ने भी अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
टिहरी विधानसभा क्षेत्र में भी शानदार कार्य
टिहरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय, नई टिहरी की बीएलओ कृष्णा नौटियाल एवं सुपरवाइजर नरेश बिजलवान, तथा राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नई टिहरी की बीएलओ अंजना भद्री ने भी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया।
नरेन्द्रनगर, देवप्रयाग और प्रतापनगर में भी सराहनीय प्रदर्शन
नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोडियाला की बीएलओ आराधना रावत तथा लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाई स्कूल, ढालवाला की बीएलओ मंजू भट्ट ने भी समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण किया।
देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय गहड़ बौसठा मुल्यागांव की बीएलओ जशोदा देवी, जबकि प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज की बीएलओ जुप्पा देवी एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय भल्डियाणा की बीएलओ सुनीता देवी ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए निर्धारित अवधि के भीतर सभी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
जिलाधिकारी ने की प्रशंसा
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल ने सभी बीएलओ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 की सफलता में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में बीएलओ की मेहनत और समर्पण प्रशंसनीय है।
जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ से इसी लगन, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अभियान को शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्य से मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है।
