जिला न्यायाधीश योगेश कुमार गुप्ता और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संयुक्त रूप से किया भूमि पूजन, न्यायालय परिसर के अधोसंरचना विकास की दिशा में बड़ा कदम।
टिहरी/27 मई 2025।
मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर, टिहरी गढ़वाल में लिटिगेशन शेड के सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विधि-विधान से शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश योगेश कुमार गुप्ता एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। यह कार्य अनटाइड मद के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में 31 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
जिला न्यायाधीश श्री गुप्ता ने कहा कि यह कार्य लंबे समय से प्रतीक्षित था और आज इसकी वास्तविक मांग पर अमल करते हुए शुभारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि न्याय कार्यों को विधि के दायरे में रहकर संयमपूर्वक करना ही व्यक्ति को विशिष्ट बनाता है। साथ ही, उन्होंने कहा कि उनके द्वारा सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया है। उन्होंने जिला बार एसोसिएशन और न्यायिक कार्यालय के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि यह कार्य जिला न्यायाधीश के निर्देशन में किया जा रहा है। अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य गुणवत्ता युक्त हो और लंबे समय तक टिकाऊ रहे। उन्होंने जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से कार्यों की देखरेख सुनिश्चित करने को भी कहा।
उपस्थित अधिकारी एवं अधिवक्ता:
इस अवसर पर अपर जिला जज नसीम अहमद, कुटुम्ब न्यायाधीश जज अब्दुल कय्यूम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मिथलेश पाण्डेय, अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन टिहरी अनिल शर्मा, सचिव सी.एस. राणा, न्यायिक मजिस्ट्रेट कुलदीप सजवाण, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आलोक राम त्रिपाठी, सिविल जज (सीडी) मो. याकूब, अपर सिविल जज आफिया मतीन, अधिवक्ता जयप्रकाश पाण्डेय, देवेन्द्र दुमोगा, बीना सजवाण, राजपाल मियां, जगजीत सिंह नेगी, अमित उपाध्याय, रोशन आर्य सहित अनेक अधिवक्ता एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

