देवलसारी पौधशाला का एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने किया निरीक्षण, बांज-देवदार रोपण पर दिया जोर
वन संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए फलदार एवं जल संरक्षण वाले वृक्षों के अधिक रोपण के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 21 मई 2026 | SKS News।
मसूरी वन प्रभाग अंतर्गत देवलसारी रेंज स्थित देवलसारी पौधशाला का अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पौधशाला में तैयार की जा रही विभिन्न प्रजातियों के पौधों की जानकारी प्राप्त की तथा प्रजातिवार विवरण का अवलोकन किया।
बांज, देवदार और बिमल के अधिक रोपण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जंगलों में बांज, देवदार एवं बिमल जैसे वृक्षों का अधिकाधिक रोपण किया जाए।
उन्होंने कहा कि ये वृक्ष जल संरक्षण, मृदा संरक्षण एवं पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने वन क्षेत्रों में फलदार वृक्ष लगाने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि जंगली जानवरों को जंगलों में ही भोजन उपलब्ध हो सके और वे भोजन की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर न आएं।
स्थानीय सहभागिता से मजबूत होगा पर्यावरण संरक्षण
अपर जिलाधिकारी ने जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वृक्षारोपण एवं वन संरक्षण अभियानों में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है।
गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन पर दिया जोर
एडीएम ने पौधशाला में पौध उत्पादन, संरक्षण एवं रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पौधशाला में उपलब्ध पौधों की विविधता एवं वन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी कार्य जारी रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उदय गौड़ (एसडीओ फॉरेस्ट), विपिन बिजल्वाण (रेंजर), शूरवीर सिंह तोमर (डिप्टी रेंजर) एवं वीरेंद्र गौड़ (वन बीट अधिकारी) उपस्थित रहे।
