नागनाथ पोखरी महाविद्यालय और सिंगटाली विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रनिर्माण का संकल्प
टिहरी/चमोली, 15 अगस्त 2026। जनपद चमोली के हिमवन्त कवि चन्द्रकुँवर बर्त्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नागनाथ पोखरी तथा जनपद टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर विकासखंड स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। दोनों संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नागनाथ पोखरी महाविद्यालय में ध्वजारोहण के साथ हुआ शुभारंभ
हिमवन्त कवि चन्द्रकुँवर बर्त्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नागनाथ पोखरी में कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। इसके बाद राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, देशभक्ति गीत तथा स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तप एवं बलिदान को स्मरण करने का पावन अवसर है, जिनके संघर्ष और बलिदान से देश को आजादी मिली।
उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सेवा भावना एवं संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्राचार्य ने उच्च शिक्षा निदेशक, उत्तराखंड के स्वतंत्रता दिवस संदेश से भी उपस्थित लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, नवाचार, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आज की आवश्यकता है।
स्वतंत्रता के महत्व पर रखे विचार
डॉ. रेनू सनवाल ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस हमें गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।
डॉ. रामानंद उनियाल ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
वहीं डॉ. केवलानन्द ने कहा कि आजादी तभी सार्थक है, जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय योगदान दे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. योगेश भट्ट, डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव, डॉ. रेखा चमोली, डॉ. शाजिया सिद्दीकी, डॉ. कीर्ति गिल, डॉ. शशि चौहान, डॉ. श्वेता रावत, डॉ. किरन चौहान, डॉ. आरती रावत, डॉ. राजेश भट्ट, डॉ. अनुपम रावत, डॉ. आयुष बर्त्वाल, डॉ. प्रवीण मैठाणी, डॉ. सोहनी भंडारी, डॉ. प्रियंका घिड़ियाल सहित अन्य प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सिंगटाली विद्यालय में प्रभातफेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम
नरेंद्रनगर विकासखंड के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा निकाली गई प्रभातफेरी से हुई।

इसके बाद प्रधानाचार्य श्री घनश्याम प्रसाद रतूड़ी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। विद्यालय शिक्षा सचिव के संदेश का वाचन कर विद्यार्थियों को सुनाया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मां सरस्वती की वंदना के बाद छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व छात्र भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री वासवानंद जोशी, उत्तम सिंह नेगी, अमित चौधरी, विशाल सिंह नेगी, वरफ सिंह रावत, विनोद प्रसाद थपलियाल, मनोज कोठारी, लखीराम रतूड़ी, श्रीमती कुसुम जोशी एवं श्री राम गोपाल नौटियाल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद मिष्ठान वितरण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।
