मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी के गजा में तीन दिवसीय प्रथम गजा घण्टाकर्ण महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलन कर किया उद्घाटन, की शहीदों को नमन, क्षेत्रीय संस्कृति और विकास पर दिया बल।
गजा, टिहरी/27 मई 2025।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, गजा (टिहरी गढ़वाल) में तीन दिवसीय प्रथम गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2025 का दीप प्रज्ज्वलन कर विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने घण्टाकर्ण देवता मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य और राष्ट्र की खुशहाली की कामना की एवं शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि गजा का घण्टाकर्ण मंदिर एक प्राचीन तीर्थ है, जहां से हरिद्वार और हिमालय के दुर्लभ दर्शन होते हैं। यह स्थल धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। महोत्सव से क्षेत्रीय संस्कृति और लोक आस्था को नया बल मिलेगा। उन्होंने इसे क्षेत्रीय विकास की नई नींव बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गजा क्षेत्र में 30 करोड़ की लागत से पॉलीटेक्निक, 24 करोड़ की हेंवलघाटी पेयजल योजना सहित कई विकास परियोजनाएं शुरू की गई हैं। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’, ‘हाउस ऑफ हिमालय’ ब्रांड, फार्म मशीनरी, एप्पल मिशन जैसी योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त कर रही हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने हेतु सरकार ने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
मुख्यमंत्री ने वीर सैनिकों के शौर्य को भी याद किया और शहीद विक्रम सिंह नेगी के गांव की सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की घोषणा की। साथ ही आईआईटी, एनआईटी, एमबीबीएस और नौसेना में चयनित स्थानीय बच्चों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने क्षेत्रीय विकास के लिए 15 सूत्रीय मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, झांकियों और विभागीय स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय लोकसंस्कृति और योजनाओं को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया गया।
