विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर टिहरी प्रशासन अलर्ट, राजनीतिक दलों के साथ हुई अहम बैठक
15 सितम्बर 2026 तक चलेगा एसआईआर अभियान, घर-घर जाकर बीएलओ करेंगे मतदाता सत्यापन
टिहरी गढ़वाल, 22 मई 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम 29 मई 2026 से 15 सितम्बर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदान केंद्रों के पुनर्गठन सहित विभिन्न कार्य चरणबद्ध तरीके से संपन्न किए जाएंगे।
बैठक में जानकारी दी गई कि 29 मई से 07 जून 2026 तक तैयारी, प्रशिक्षण एवं मुद्रण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को फार्म वितरित करेंगे। प्रत्येक मतदाता को दो फार्म दिए जाएंगे, जिनमें से एक भरकर वापस लिया जाएगा तथा उसे बीएलओ एप पर अपलोड किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा बताया गया कि 07 जुलाई 2026 को मतदान केंद्रों के तर्कसंगत पुनर्गठन का कार्य किया जाएगा, जबकि 14 जुलाई 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन होगा। 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावा एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इसके बाद 14 जुलाई से 11 सितम्बर 2026 तक दावा एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी तथा 15 सितम्बर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जो नागरिक 01 जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे, उन्हें नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने हेतु अनिवार्य रूप से फार्म-6 भरना होगा। बीएलओ प्रत्येक घर में तीन बार भ्रमण करेंगे तथा भ्रमण की तिथि भी दर्ज की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी एस.एस. नेगी ने सभी राजनीतिक दलों से समय पर बीएलए नियुक्त करने का अनुरोध किया, ताकि पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी और सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
बैठक में आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मुरारी लाल खंडवाल, राजेन्द्र डोभाल, जयेन्द्र पंवार, रामलाल नौटियाल, नवीन सेमवाल, गबर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
