सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: टिहरी से 40 सदस्यीय दल सात दिवसीय यात्रा पर रवाना, डीएम नितिका खण्डेलवाल ने दिखाई हरी झंडी
जिला प्रशासन की निःशुल्क पहल के तहत 21 पुरुष और 19 महिलाएं करेंगे गुजरात स्थित सोमनाथ धाम की यात्रा, युवा कल्याण विभाग कर रहा है संचालन
टिहरी गढ़वाल, 13 जुलाई 2026 | SKS News
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर सोमवार को 40 सदस्यीय यात्रा दल को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना किया। यह दल सात दिवसीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा पर निकला है।
यात्रा दल में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 21 पुरुष एवं 19 महिला प्रतिभागी शामिल हैं। सभी प्रतिभागी हर्रावाला (देहरादून) से सोमवार शाम ट्रेन के माध्यम से सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से यह यात्रा पूर्णतः निःशुल्क कराई जा रही है। यात्रा का संचालन जिला युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभागियों को सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराना, भारतीय संस्कृति एवं विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने यात्रा दल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी यात्राएं हमारी सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा अपने अनुभवों को समाज के साथ साझा करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र सिंह फोनिया, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा यात्रा दल के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

