स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर राजकीय महाविद्यालय नरेंद्र नगर में चला स्वच्छता अभियान
प्राचार्य प्रो. विजय सिंह नेगी के नेतृत्व में परिसर की सफाई; प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर किया श्रमदान
नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल। स्वतंत्रता दिवस-2026 के आयोजन की तैयारियों के तहत राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर के परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल द्वारा 11 अगस्त को जारी निर्देशों के क्रम में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय सिंह नेगी ने किया।
स्वच्छता अभियान में महाविद्यालय के प्राध्यापक-प्राध्यापिकाओं, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए परिसर की साफ-सफाई में श्रमदान किया। इस दौरान प्रशासनिक भवन से बहुउद्देशीय हॉल तक जाने वाली सड़क तथा हॉल के आसपास उगी खरपतवार को काटकर एवं उखाड़कर परिसर को स्वच्छ बनाया गया।
खरपतवार और बरसाती काई की गई साफ
अभियान के दौरान परिसर में बरसात के कारण उगी घास, खरपतवार एवं काई को हटाया गया। महाविद्यालय की सांस्कृतिक समिति, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), एंटी ड्रग सेल एवं रेड क्रॉस के साथ ही अन्य कार्मिकों ने भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
प्राचार्य प्रो. विजय सिंह नेगी ने बताया कि महाविद्यालय का परिसर वन क्षेत्र से घिरा होने के कारण बरसात के मौसम में परिसर के आसपास खरपतवार एवं अन्य वनस्पतियां काफी मात्रा में उग आती हैं। ऐसे में परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्वच्छता अभियान आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व केवल समारोह तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ऐसे अवसर विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने का भी माध्यम हैं।
स्वच्छता अभियान की रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजी
महाविद्यालय प्रशासन की ओर से बताया गया कि आयोजित स्वच्छता अभियान की प्रक्रिया एवं कार्यवाही संबंधी रिपोर्ट तैयार कर जिला मुख्यालय को प्रेषित कर दी गई है। महाविद्यालय परिवार ने परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियानों को जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की जानकारी महाविद्यालय मीडिया समिति के डॉ. विक्रम सिंह ने दी।
