हटवाल गांव में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, ‘हर घर तिरंगा’ के लिए किया जागरूक
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय से मुख्य बाजार तक निकली यात्रा, ग्रामीणों और व्यापारियों से घर-घर तिरंगा फहराने का आह्वान
थत्यूड़/सकलाना, 12 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत हटवाल गांव के मुख्य बाजार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय हटवाल गांव से शुरू हुई तिरंगा यात्रा मुख्य बाजार तक पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के संदेश के साथ ग्रामीणों एवं व्यापारियों को अभियान के प्रति जागरूक किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रध्वज का सम्मान बनाए रखने की अपील की।
13 से 17 अगस्त तक घरों में फहराएं तिरंगा
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती गुड्डी रौतेला एवं शिक्षिका अनिता उनियाल ने ग्रामीणों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी लोग 13 से 17 अगस्त तक अपने-अपने घरों में तिरंगा ध्वज सम्मानपूर्वक फहराएं और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाएं।
स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने का आह्वान
सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी भारतवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे अभियानों के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ने का अवसर मिलता है।
छात्र-छात्राओं ने बढ़ाया अभियान का उत्साह
तिरंगा यात्रा में स्काउट-गाइड ट्रेनर अनिता उनियाल, हेमा रावत, यशुबाला उनियाल, सामाजिक कार्यकर्ता हुकम सिंह, प्रधानपति सचिन हटवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
शंकर, कनिष्का, साक्षी, दिव्य, अर्जुन, अनुराग, सोनिका, आदित्य, मोनिका और राधिका सहित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग किया। यात्रा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का संदेश दिया गया।
