अल्मोड़ा में निःशुल्क स्वास्थ्य, योग एवं ध्यान शिविर आयोजित, 36 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
ज्योति जन स्वास्थ्य सेवा समिति एवं उत्तरायण फाउंडेशन की पहल, ग्रामीणों को योग, आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश
अल्मोड़ा, 03 अगस्त 2026 | SKS News
ज्योति जन स्वास्थ्य सेवा समिति द्वारा उत्तरायण फाउंडेशन के सहयोग से अल्मोड़ा के पपरसेली क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य, योग एवं ध्यान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों को योग, ध्यान एवं आयुर्वेद के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
शिविर में कुल 36 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करने के साथ आवश्यक आयुर्वेदिक एवं सामान्य दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा प्रतिभागियों को योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा संतुलित आहार, दैनिक दिनचर्या और विभिन्न रोगों की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
शिविर में वरिष्ठ लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. के. पी. कुनियाल, आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. ज्योत्सना कुनियाल, डॉ. लोकेश, चीफ फार्मासिस्ट राजेंद्र सिंह भोज तथा सीनियर ओटी इंचार्ज देव सिंह टंगड़िया ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने निःस्वार्थ भाव से मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
आयोजकों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने तथा लोगों को योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक जीवनशैली के प्रति जागरूक करना इस शिविर का मुख्य उद्देश्य था। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आयोजकों एवं चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।
