सेवा संकल्प फाउंडेशन के वृक्षारोपण अभियान में शामिल हुए विधायक किशोर उपाध्याय, गेंवली देवल में लगाए फलदार एवं औषधीय पौधे
200 कागजी नींबू और 100 माल्टा सहित सैकड़ों पौधों का वितरण, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
टिहरी गढ़वाल, 02 अगस्त 2026।
सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में विकासखंड जाखणीधार के गेंवली देवल स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
पूजा-अर्चना के बाद किया पौधरोपण
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक किशोर उपाध्याय ने दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ की। इसके उपरांत अतिथियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने फलदार, छायादार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को 200 कागजी नींबू, 100 माल्टा तथा विभिन्न औषधीय एवं उपयोगी प्रजातियों के पौधों का वितरण भी किया गया।
‘वृक्षारोपण सबसे पवित्र कार्य’ : किशोर उपाध्याय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि वृक्षारोपण से अधिक पवित्र कार्य कोई नहीं हो सकता।
उन्होंने सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती गीता धामी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि फाउंडेशन प्रदेशभर में सराहनीय कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं तथा बरसात के बाद टिहरी क्षेत्र में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
फलदार पौधों से बढ़ेगी आजीविका
विधायक ने कहा कि ऐसे फलदार एवं उपयोगी वृक्ष लगाए जाने चाहिए, जिनसे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका भी मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव को उसकी भौगोलिक परिस्थितियों एवं स्थानीय फल उत्पादन क्षमता के अनुरूप विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे ग्रामीणों की आय बढ़े तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का लक्ष्य
सेवा संकल्प फाउंडेशन के प्रतिनिधि पवन ने बताया कि संस्था का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा एवं जन-जागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
उन्होंने कहा कि संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती गीता धामी का संकल्प है कि अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
जनप्रतिनिधियों और महिला समूहों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल, ग्राम प्रधान दीपा देवी (गेंवली), रामदयाल रतूड़ी (नवाकोट), कर्ण सिंह (कोटी), बीडीसी सदस्य शीशपाल पंवार, वीर सिंह, त्रिलोक सिंह, मंजू देवी, रणजीत भंडारी, राहुल सेमवाल, मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह, मंडल महामंत्री राजेंद्र थपलियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा शिव शक्ति महिला समूह, गौरा शक्ति स्वयं सहायता समूह, वीर देवता स्वयं सहायता समूह, राम-सीता स्वयं सहायता समूह, राधा-श्याम स्वयं सहायता समूह की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया।
