शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त मुख्य प्रशासनिक अधिकारी देवी प्रसाद कोठारी का निधन
कर्तव्यनिष्ठ, सरल एवं विनम्र व्यक्तित्व के धनी थे स्व. देवी प्रसाद कोठारी, शिक्षा जगत ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
चंबा | सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ | SKS News
शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त मुख्य प्रशासनिक अधिकारी स्वर्गीय देवी प्रसाद कोठारी के असामयिक निधन से शिक्षा जगत एवं क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके निधन को उनके सहपाठी, मित्रों एवं सहकर्मियों ने अपूरणीय क्षति बताया है।
स्वर्गीय देवी प्रसाद कोठारी ने शिक्षा विभाग में लगभग 40 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए। अपने लंबे सेवाकाल में वे कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी तथा प्रशासनिक दक्षता के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते थे। विशेषकर लेखा एवं प्रशासनिक कार्यों में उनकी गहरी पकड़ थी, जिसके कारण विभाग में उन्हें एक कुशल अधिकारी के रूप में सम्मान प्राप्त था।
वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय देवी प्रसाद कोठारी उनके सहपाठी, अंतरंग मित्र और लंबे समय तक सहकर्मी रहे। दोनों ने शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं दीं और वहीं से सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने बताया कि उनके बीच केवल औपचारिक संबंध नहीं, बल्कि आत्मीयता और पारिवारिक निकटता भी थी।
उन्होंने स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि सेवा के प्रारंभिक वर्षों में जब भी प्रशासनिक अथवा लेखा संबंधी तकनीकी विषयों पर मार्गदर्शन की आवश्यकता होती, तब स्वर्गीय देवी प्रसाद कोठारी राजकीय इंटर कॉलेज गोनीखान से पैदल चलकर राजकीय नागराजा धार (चिलेडी) बढ़ियारगढ़ पहुंचते थे और प्रधान लिपिक मनोहरी सिंह नेगी से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते थे। यह उनकी सीखने की ललक, कार्य के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का परिचायक था।
सोमवारी लाल सकलानी ने कहा कि स्वर्गीय कोठारी अत्यंत सरल, विनम्र, सौम्य और मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में कभी किसी विवाद या अनावश्यक तर्क-वितर्क को महत्व नहीं दिया। वे सदैव अपने दायित्वों के प्रति गंभीर और संवेदनशील रहे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे शांत एवं सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहे थे।
उनके निधन पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
