लगातार बारिश और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुईं सड़कें और परिसंपत्तियां, एनएच-707ए की मरम्मत में लगेंगे दो माह, वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था पर जल्द निर्णय।
टिहरी, 16 सितम्बर 2025:
जनपद टिहरी गढ़वाल में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण कई सड़क मार्गों, विभागीय और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। आपदा से निपटने के लिए शासन और प्रशासन अलर्ट मोड में है तथा राहत और बचाव कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को तहसील बैनबाग क्षेत्रांतर्गत एनएच-707ए के आपदा प्रभावित क्षेत्र भेडियाना बस्ती (कैंपटी फॉल के पास) का निरीक्षण किया और आंशिक धरने पर बैठे ग्रामीणों से वार्ता की।
अधिशासी अभियंता एनएच-707ए नवनीत पांडे ने बताया कि लैंडस्लाइड क्षेत्र का उच्च अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा चुका है तथा बुधवार को ड्रोन सर्वे किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग को ठीक करने में लगभग डेढ़ से दो माह का समय लगेगा।
डीएम ने ग्रामीणों की मांगों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनएच, लोनिवि और राजस्व विभाग संयुक्त निरीक्षण कर वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था की रिपोर्ट प्रस्तुत करें और प्रभावित काश्तकारों से बैठक कर संरेखण पर चर्चा करें। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 14 सितम्बर को एनएच-707ए पर भेडियाना बस्ती के समीप मेजर लैंडस्लाइड हुआ था, जिससे यह मार्ग बंद हो गया। यह सड़क तीन जिलों और लगभग 100 गांवों को जोड़ती है, जिससे आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। ग्रामीणों ने अस्थायी रूप से भेडियाना बस्ती से वैकल्पिक मार्ग बनाने का सुझाव दिया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सड़क की नालियों की सफाई और झाड़ी कटान करने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, ईई लोनिवि थत्यूड़ सोनू त्यागी, सीओ चंबा महेश लखेड़ा, तहसीलदार निशांत कम्बोज, क्षेत्र पंचायत सदस्य सरतली सीमा देवी सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
