पत्रकारों के लिए टिहरी में बड़ी पहल: दूरस्थ कवरेज को मिलेगा विभागीय वाहन, घनसाली में मीडिया सेंटर की तलाशी जाएंगी संभावनाएं
घनसाली में मीडिया सेंटर की संभावनाओं का परीक्षण, पत्रकारों की आवास, प्रेस मान्यता और आवागमन संबंधी समस्याओं पर भी हुई चर्चा
टिहरी गढ़वाल, 22 सितंबर 2026। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में जिला पत्रकार स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न विषयों एवं समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रेस क्लब टिहरी के अध्यक्ष अनुराग उनियाल ने दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में समाचार कवरेज के दौरान पत्रकारों को होने वाली कठिनाइयों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने बड़े आयोजनों तथा दूरस्थ क्षेत्रों में कवरेज के लिए आवागमन की व्यवस्था में आने वाली परेशानी का विषय रखा।
इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि बड़े कार्यक्रमों से एक दिन पूर्व संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर विभागीय वाहन की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कवरेज के लिए जाने वाले पत्रकारों को मुख्य कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस लौटने में सुविधा मिल सके।
सफलता की कहानी के लिए सूचना विभाग करेगा सहयोग
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में सफलता की कहानी (Success Story) तैयार करने के इच्छुक पत्रकार जिला सूचना कार्यालय को पूर्व में इसकी जानकारी दे सकते हैं। सूचना विभाग उपलब्ध संसाधनों के अनुसार कवरेज के लिए आवश्यक सहयोग एवं वाहन की व्यवस्था करेगा।
टिहरी डैम टॉप पर रात्रिकालीन आवागमन का मुद्दा उठा
प्रेस क्लब टिहरी के महासचिव विजय गुसाईं ने टिहरी डैम टॉप से रात्रि में आवागमन बंद होने के कारण फील्ड कवरेज से लौटने वाले पत्रकारों को होने वाली परेशानी का विषय बैठक में रखा।
उन्होंने बताया कि निर्धारित समय के बाद डैम टॉप से आवाजाही बंद होने के कारण पत्रकारों को वापस लौटने के लिए लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है। जिलाधिकारी ने संबंधित स्तर पर समन्वय कर समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
पत्रकार आवास और प्रेस मान्यता का विषय भी उठा
बैठक में पत्रकारों को आवंटित आवासों के रखरखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने मामले का परीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।
वहीं, पत्रकारों की जनपद स्तरीय प्रेस मान्यता संबंधी नियमों में शिथिलीकरण की मांग पर जिलाधिकारी ने सचिव, सूचना को पत्र भेजने की बात कही।
घनसाली में मीडिया सेंटर की संभावनाओं का होगा परीक्षण
वरिष्ठ पत्रकार तेजराम सेमवाल एवं अमनदीप भट्ट ने घनसाली क्षेत्र में मीडिया सेंटर स्थापित किए जाने अथवा इसके लिए भूमि उपलब्ध कराने का विषय बैठक में रखा।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी के माध्यम से भूमि उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की संभावनाओं का परीक्षण कराने की बात कही।
समाचारों में तथ्य सत्यापन और फैक्ट चेक पर जोर
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में समाचारों की विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से समाचार प्रकाशित अथवा प्रसारित करने से पूर्व तथ्यों का सत्यापन एवं फैक्ट चेक सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों से जुड़े विषयों एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन स्तर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
बैठक में जिला सूचना अधिकारी द्रवनीता शर्मा, पत्रकार अब्बल चंद रमोला, अखिलेश नंदा, पुलिस विभाग से एसआई किशन देवरानी, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी प्रमोद बर्तवाल, कनिष्ठ सहायक धीरेश सकलानी सहित सूचना विभाग से मनीष रतूड़ी एवं देवेंद्र रावत उपस्थित रहे।
