किसानों के लिए जरूरी सूचना: सरकारी योजनाओं का लाभ लेने हेतु जल्द बनवाएं Farmer ID
राजस्व परिषद उत्तराखण्ड की अपील, CSC सेंटर, तहसील व ब्लॉक कार्यालयों में भी उपलब्ध है सुविधा
टिहरी गढ़वाल, SKS News। उत्तराखण्ड सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अब Farmer ID (फार्मर आईडी) बनवाना आवश्यक हो गया है।
राजस्व परिषद् उत्तराखण्ड ने सभी किसान भाई-बहनों से अपील की है कि वे बिना विलंब अपनी Farmer ID का पंजीकरण कराएं, ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी कृषि योजना, अनुदान, बीमा, ऋण अथवा अन्य सुविधाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो।
प्रशासन के अनुसार Farmer ID किसानों की एक डिजिटल पहचान होगी, जिसके माध्यम से किसानों का भूमि, फसल एवं कृषि संबंधी विवरण एकीकृत रूप से दर्ज किया जाएगा। इससे सरकार को किसानों तक योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
किसान अपनी Farmer ID बनाने के लिए घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए सरकार द्वारा निर्धारित वेबसाइट पर जाकर आवश्यक जानकारी भरनी होगी।
पंजीकरण हेतु लिंक:
https://ukfr.agristack.gov.in/
यदि किसी किसान को ऑनलाइन पंजीकरण में कठिनाई हो रही है तो वह अपने नजदीकी CSC (कॉमन सर्विस सेंटर), “अनुराग Computer’s, नकोट”, संबंधित तहसील कार्यालय, ब्लॉक कार्यालय अथवा प्रशासन द्वारा लगाए जा रहे विशेष शिविरों में संपर्क कर सकता है। वहां प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा Farmer ID बनाने में सहायता प्रदान की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि Agristack आधारित Farmer ID व्यवस्था से किसानों का डेटा व्यवस्थित होगा और भविष्य में मिलने वाली सब्सिडी, कृषि यंत्रों पर अनुदान, फसल बीमा, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से किसानों तक पहुंच सकेगा।
राजस्व परिषद् उत्तराखण्ड ने सभी किसानों से आग्रह किया है कि वे अंतिम समय की प्रतीक्षा न करें और शीघ्र अपनी Farmer ID बनवाकर कृषि क्षेत्र से जुड़ी सरकारी सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करें। साथ ही अन्य किसानों को भी इस महत्वपूर्ण पहल की जानकारी देकर जागरूक बनाने में सहयोग करें।
“आज ही Farmer ID बनवाएं, कल की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें।
