चारधाम यात्रा मार्ग पर शराब पीकर वाहन चलाने वाला चालक गिरफ्तार, वाहन सीज
फकोट के पास परिवहन विभाग की सघन चेकिंग में कार्रवाई, मोटर वाहन अधिनियम के तहत 16 चालान भी किए गए
टिहरी गढ़वाल | SKS News।
चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद टिहरी गढ़वाल के विभिन्न यात्रा मार्गों पर परिवहन विभाग द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर फकोट क्षेत्र के पास परिवहन विभाग द्वारा चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान टिहरी से ऋषिकेश की ओर जा रहा एक कार चालक संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिस पर परिवहन विभाग की टीम ने उसे रोककर जांच की।
ऐल्कोमीटर से जांच किए जाने पर चालक द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित वाहन को जाजल पुलिस चौकी में सीज कर दिया गया तथा वाहन चालक को आवश्यक कानूनी कार्यवाही हेतु पुलिस के सुपुर्द किया गया।
16 चालान भी किए गए
प्रवर्तन अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कुल 16 चालान भी किए गए। परिवहन विभाग द्वारा चारधाम यात्रा मार्गों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
चेकिंग अभियान के दौरान अनंत राम, अर्जुन (सहायक परिवहन निरीक्षक), विपिन एवं रोहन परिवहन आरक्षी उपस्थित रहे।
