टिहरी में अवैध नशा उगाही पर लगाम लगाने के लिए अफसरों की बैठक, तम्बाकू, शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर कड़ी निगरानी के निर्देश, जनजागरूकता कार्यक्रमों से भी जुड़ी जानकारी साझा
टिहरी/20 जून, 2025।
“एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न, नशा उन्मूलन को लेकर अधिकारियों को निर्देश”
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल के निर्देशन में शुक्रवार, 20 जून को एन.डी.पी.एस. एक्ट 1985 के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने की, जिसमें जनपद में अवैध अफीम, खसखस और पोस्त की खेती, मादक पदार्थों की बिक्री और नशामुक्त अभियान को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों को निर्देशित किया कि वे पुलिस विभाग के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाएं और नशा व्यापार की जड़ पर प्रहार करें।
पुलिस विभाग की अधिकारी संगीता ने जानकारी दी कि 31 मई से 17 जून तक 73 चालान किए गए और ₹7300 का शमन शुल्क वसूला गया। साथ ही, एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) द्वारा 41 जनजागरूकता गोष्ठियां आयोजित की गईं। थाना मुनिकीरेती में एक अभियुक्त के पास से 8 मादक इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मण नेगी ने बताया कि मई माह में 46 छापेमारी कर 11 अभियोग दर्ज किए गए, साथ ही 155 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
वन विभाग ने बताया कि फॉरेस्ट एरिया में मादक पदार्थों की खेती का कोई मामला नहीं मिला। वहीं आईबी अधिकारी ने क्यारी, नगुण पट्टी, चापड़ा जैसे क्षेत्रों में नशा खेती की सूचना दी, जिस पर एडीएम ने आवश्यक कार्यवाही के आदेश दिए।
सीएमओ कार्यालय से मनोवैज्ञानिक डॉ. रीना सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत लगातार काउंसलिंग की जा रही है। नुक्कड़ नाटक, रैलियां, चित्रकला प्रतियोगिता और जागरूकता सत्रों के माध्यम से युवाओं को तंबाकू और मादक पदार्थों से बचने की प्रेरणा दी जा रही है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जिला अस्पताल और आईटीआई में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए।
दुकानों में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को नशे के उत्पाद न बेचने के निर्देश स्पष्ट बोर्ड के माध्यम से लगाए गए हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षय रोग अधिकारी जे.एस. भंडारी, जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मण नेगी, एसीआईओ आईबी विश्वा प्रियदर्शिनी, एसडीओ रश्मि ध्यानी, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी सहित कई अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।
