टिहरी में जनता मिलन कार्यक्रम में गूंजी जनसमस्याएं, 32 से अधिक शिकायतों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल ने मानसून तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर जोर
टिहरी गढ़वाल, 11 मई 2026 (सू.वि.)।
जनपद टिहरी गढ़वाल में आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने की।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान कुल 32 से अधिक शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें भूमि विवाद, पेयजल समस्या, सड़क सुरक्षा, निर्माण कार्यों में अनियमितता एवं जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। प्रभारी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में आगामी मानसून सीजन को देखते हुए आपदा प्रबंधन एवं तैयारियों की भी समीक्षा की गई। प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मानसून के दौरान संभावित समस्याओं से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में तहसील घनसाली, पट्टी ढुंगमन्दार, ग्राम स्यूरी (खबोगी) निवासी कलम सिंह ने अपनी पैतृक भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर वन विभाग की कार्रवाई की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह अपनी भूमि पर कमरे, गौशाला, बकरवाड़ा, कम्पोस्ट पिट, फूड गार्डन एवं दुकान का निर्माण कर रहे थे, जिसे वन विभाग द्वारा तोड़े जाने की शिकायत की गई। इस पर प्रभारी जिलाधिकारी ने एसडीएम घनसाली को दो दिन के भीतर स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
विकासखंड चम्बा के ग्राम डोबरा मल्ला निवासी गंगाधर ने ‘जल जीवन मिशन’ के तहत लगाए गए पेयजल कनेक्शन में पानी न आने की समस्या उठाई। इस पर जल संस्थान को शीघ्र पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
तहसील जाखणीधार के ग्राम नवाकोट निवासी चण्डी प्रसाद रतूड़ी एवं प्रभाकर रतूड़ी ने सहखातेदार द्वारा निजी खेतों में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार जाखणीधार को दो दिन के भीतर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वहीं घनसाली क्षेत्र के ग्राम मोलनौ निवासी दशरथ सिंह ने लोक निर्माण विभाग द्वारा अधूरी सुरक्षा दीवार एवं क्रेट वायर लगाए जाने से उत्पन्न खतरे और आवागमन में हो रही परेशानी को लेकर शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ थत्यूड़ के अध्यक्ष खेमचन्द्र भट्ट ने थत्यूड़ क्षेत्र की विभिन्न सड़कों पर पैराफिट न होने, गड्ढों की समस्या एवं वर्षों से मरम्मत न होने का मुद्दा उठाया। इस पर लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल ने सीएम हेल्पलाइन एवं समाधान पोर्टल पर लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम, सांख्यिकी अधिकारी साक्षी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
