टिहरी विधानसभा के नकोट बूथ पर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफल, सभी 156 नोटिसों का हुआ निस्तारण
राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नकोट में ERO की मौजूदगी में हुई सुनवाई, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
नकोट, टिहरी गढ़वाल | 07 अगस्त 2026 | SKS News
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत टिहरी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-63, राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नकोट में जारी सभी 156 नोटिसों का नियमानुसार निस्तारण कर दिया गया। अभियान के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से सुनवाई प्रक्रिया पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न की गई।
तहसीलदार टिहरी सदर धीरज राणा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र-13 टिहरी के अंतर्गत बूथ संख्या-63 पर विशेष सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) स्वयं बूथ पर उपस्थित रहे और प्रत्येक प्रकरण की सुनवाई कर नियमानुसार निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि बूथ पर कुल 156 नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें 151 नोटिस विसंगति (Discrepancy) श्रेणी तथा 05 नोटिस अनमैपिंग (Unmapping) श्रेणी से संबंधित थे। सभी मामलों की सुनवाई के उपरांत उनका सफलतापूर्वक निस्तारण कर दिया गया।
तहसीलदार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य निर्वाचन नामावली को पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा निर्वाचन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बन सके।
इस अवसर पर राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नकोट के प्रभारी प्रधानाचार्य आशय कुमार, सुपरवाइजर सोना दास, राकेश मखलोगा, बीएलओ दर्शनी देवी, गोपाल मखलोगा, डाटा एंट्री ऑपरेटर राहुल, राजस्व उप निरीक्षक रमेश नौटियाल, ग्राम पंचायत अधिकारी पूनम चौहान नेगी, ग्राम प्रधान युद्धवीर मखलोगा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
