डीएम टिहरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स बैठक
चम्बा का सौड़, जौनपुर का सिंदुल और जाखणीधार का थात बनेंगे एडवेंचर व कम्युनिटी टूरिज्म मॉडल ग्राम
📰 टिहरी | 20 जनवरी 2026
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार देर सायं कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण पर्यटन विकास, होमस्टे, इको-टूरिज्म तथा स्थानीय रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विकासखंड अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर पर्यटन विकास से जुड़े प्रस्ताव तैयार करें। साथ ही जिला उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा को जौनपुर क्षेत्र में हॉर्टी-विलेज (Horti-Village) विकसित करने के निर्देश दिए गए।
🌄 ग्राम पर्यटन विकास समिति का गठन
बैठक में अवगत कराया गया कि बीते माह सभी उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में विकासखंड स्तर पर “ग्राम पर्यटन विकास समिति” (VTDC) का गठन किया गया है। इस समिति का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
पर्यटन विभाग द्वारा ग्राम टास्क फोर्स के अंतर्गत प्रथम चरण में विकासखंड चम्बा के ग्राम सौड़ (जड़ीपानी के निकट) को एडवेंचर टूरिज्म एवं कम्युनिटी बेस्ड टूरिज्म के लिए चयनित किया गया है।
🏗️ चयनित ग्रामों में प्रस्तावित विकास कार्य
चयनित ग्रामों में टास्क फोर्स के अंतर्गत विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिनमें—
-
उरेडा के माध्यम से सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना
-
ग्राम पंचायत भवनों में एकरूप पेंटिंग एवं ऐपन कला
-
इंटरलॉक टाइल्स एवं रेलिंग निर्माण
-
शौचालय निर्माण
-
पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करना
जैसे कार्य शामिल हैं।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि समिति का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में होमस्टे और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना, चयनित पर्यटन स्थलों पर पार्किंग, इको-पार्क जैसी आधारभूत सुविधाओं का विकास करना तथा स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
🏔️ सिंदुल और थात को भी योजना में शामिल करने का प्रस्ताव
मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि राज्य स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में जौनपुर विकासखंड के ग्राम सिंदुल तथा जाखणीधार विकासखंड में खेट पर्वत के समीप स्थित ग्राम थात को भी इस योजना के अंतर्गत शामिल किए जाने का सुझाव प्रस्तुत किया गया है।
बैठक में प्रभारी अधिकारी पुनर्वास स्नेहिल कुंवर, पीडी डीआरडीए पुष्पेंद्र चौहान, डीटीडीओ एस.एस. राणा, एसीएमओ डॉ. बृजेश डोभाल, सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव, ग्रामीण निर्माण अधिकारी विशाल चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

