आपदा प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष ज़ोर, जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खंडेलवाल ने दी दिशा-निर्देश
नई टिहरी, 21 जुलाई 2025: जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पं.) नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण होती है, इसलिए सभी अधिकारी– एसडीएम, बीडीओ, आरओ, एआरओ, जोनल मजिस्ट्रेट, पुलिस सेक्टर मजिस्ट्रेट और पीठासीन अधिकारी– आपसी समन्वय और धैर्य के साथ चुनाव संपन्न कराएं।
बरसात के मद्देनज़र आपदा प्रबंधन के निर्देश
बरसात को ध्यान में रखते हुए, जिला निर्वाचन अधिकारी ने आपदा अधिकारी को हर तहसील कंट्रोल रूम में 10-10 तिरपाल रखने के निर्देश दिए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर मतदान स्थलों पर इनका उपयोग किया जा सके। यह कदम प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में मतदाताओं और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
सेक्टर मजिस्ट्रेट की भूमिका को बताया गया अहम
निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया पर निगरानी रखें और मतदान के दिन समय से मतदान केंद्र पर पहुंचें। मतदान समाप्ति के बाद, समस्त निर्वाचन सामग्री जमा करके ही आरओ की अनुमति से ही स्थान छोड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि खराब मौसम की स्थिति में यदि आवश्यकता हो तो सेक्टर मजिस्ट्रेट वहीं रुकें और अगली सुबह सुरक्षित ढंग से प्रस्थान करें।
मतपेटियों की सुरक्षा और महिला कार्मिकों की व्यवस्था
मतदान उपरांत मतपेटियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। साथ ही महिला कर्मचारियों को विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए उनके लिए अलग ठहरने की व्यवस्था की गई है। कुछ मतदान केंद्रों में बदलाव किया गया है, जिसकी सूचना पहले ही जारी की जा चुकी है और संबंधित अधिकारियों को यह सूचना चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्वाचन कंट्रोल रूम की जानकारी साझा
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता एवं निर्वाचन कंट्रोल रूम प्रभारी बृजेश कुमार गुप्ता ने कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर –
📞 01376-232884,
📱 मोब.: 7454029879,
📧 ईमेल: panchele25tehri@gmail.com
तथा जिला आपदा नियंत्रण केंद्र के नंबर –
📞 01376-234793, 233433,
📞 टोल फ्री: 01376-1077,
📱 मोब.: 8126268098, 7465809009, 9456533332, 7983340807
साझा करते हुए कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदान पार्टियों के मूवमेंट की जानकारी पूर्ण करने के बाद ही प्रस्थान करें।
मतदान की निगरानी की रणनीति
उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान के दिन शांतिपूर्ण मतदान की शुरुआत की सूचना सुबह 8 बजे कंट्रोल रूम को दें। इसके बाद प्रत्येक दो घंटे (10 बजे, 12 बजे, 4 बजे) तथा मतदान समाप्ति के बाद पुरुष, महिला एवं अन्य वोटरों की संख्या की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएं।
बैठक में प्रमुख अधिकारी रहे उपस्थित
इस बैठक में सीडीओ/उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पं.) वरूणा अग्रवाल, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम संदीप कुमार, एडीआईओ विजय तिवारी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी के.एस. चौहान, डीडीएमओ बृजेश भट्ट समेत सभी संबंधित अधिकारी तथा जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट भौतिक एवं वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
