निकाय चुनाव चम्बा
भाजपा प्रत्याशी शोभनी धनोला के पक्ष में चम्बा में गरजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
चम्बा, टिहरी। निकाय चुनावों के चलते आज चम्बा विजय चौक पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विशाल जन सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी शोभनी धनोला को विजय दिलाने की चम्बा के मतदाताओं से अपील की।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने चम्बा की जनता से आग्रह किया कि वे केन्द्र और प्रदेश के साथ चम्बा में ट्रिपल इंजन सरकार को स्थापित करने के लिए भाजपा के लिए मतदान करें। उन्होंने कहा इससे चम्बा नगर पालिका के विकास और प्रगति को और अधिक गति मिलेगी।
भाजपा सरकार के कार्यकाल में चम्बा में विभिन्न पार्किंग सुविधाओं का निर्माण, श्रीदेव सुमन जी के स्मारक का भव्य नवनिर्माण, सड़कों का सुधारीकरण और अन्य विकास कार्य किए गए हैं।
चम्बा की जनता का उत्साह देखकर माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित ही इस बार चम्बा की जनता भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सहित सभी सभासदों को विजय दिलाकर चम्बा में कमल खिलाएगी।
मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि हम उत्तराखंड के विकास के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य है राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाना।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है और राज्य को पीछे धकेलने का काम किया है। अब फैसला जनता के हाथ में है। आपका हर एक वोट न केवल चंबा का भविष्य तय करेगा, बल्कि उत्तराखंड के समग्र विकास में भी सहायक बनेगा।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनता से भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सरकार हर क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर सभा में पूर्व विधायक डा. धनसिंह नेगी, पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै, वर्तमान विधायक किशोर उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल, संदीप रावत, भाजपा प्रत्याशी शोभनी धनोला समेत दर्जनों भाजपा पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
