अमर शहीद श्रीदेव सुमन की 110वीं जयंती पर पैतृक गांव जौल में भव्य कार्यक्रम आयोजित
किशोर उपाध्याय ने दी श्रद्धांजलि, वक्ताओं ने सुमन के बलिदान और विचारों को बताया नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा
जौल/चंबा, टिहरी गढ़वाल | रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ | SKS News।
टिहरी रियासत की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीद श्रीदेव सुमन की 110वीं जयंती उनके पैतृक गांव जौल में श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाई गई। आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद बडोनी के नेतृत्व एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अमर शहीद श्रीदेव सुमन के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उसके बाद मुख्य कार्यक्रम स्थल पर आयोजित समारोह में प्रतिभाग किया।
“सुमन जैसे महान व्यक्तित्व सदियों में जन्म लेते हैं”
अपने संबोधन में विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि श्रीदेव सुमन जैसे महान पुरुष और कर्मयोगी सदियों में जन्म लेते हैं। उन्होंने कहा कि सुमन जी का जीवन त्याग, संघर्ष और जनसेवा की प्रेरणा देता है तथा हमें उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।
कुलपति प्रो. एन.के. जोशी ने बताया विश्वस्तरीय व्यक्तित्व
उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन.के. जोशी ने कहा कि श्रीदेव सुमन केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि सुमन जी ने अहिंसात्मक आंदोलन के माध्यम से टिहरी रियासत की आजादी के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग कर इतिहास रचा।
डॉ. मुनीराम सकलानी ने व्यक्तित्व और कृतित्व पर डाला प्रकाश
श्रीदेव सुमन के भांजे एवं शिक्षाविद डॉ. मुनीराम सकलानी ने सुमन जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके बलिदान को अमर बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस अवसर पर उनके साप्ताहिक पत्र “सुमन-सुधा” का विमोचन भी किया गया।
कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा कार्यक्रम
कार्यक्रम में डॉ. डी.डी. पंत, डॉ. सत्यानंद बडोनी, विजय जड़धारी सहित कई वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। कवि सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने अपनी कविताओं के माध्यम से अमर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा—
“तड़प रहा है आज सुमन फिर, जन-जन की आजादी को,
संदेश दे रहा बलिदानी वह, एक नई जनक्रांति को।”
स्थानीय कलाकारों एवं स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
परिवारजनों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में श्रीदेव सुमन के परिवारजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। समारोह स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा जनसुविधा शिविर एवं पंडाल लगाए गए। इसके अलावा आयोजकों द्वारा सामूहिक गढ़ भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन समिति ने जताया आभार
आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद बडोनी ने क्षेत्रीय विधायक, कुलपति एवं कार्यक्रम में शामिल सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला, ब्लॉक प्रमुख सुमन सज्वाण, अनिल बडोनी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय मैठाणी, संजय रावत, धीरेंद्र रावत, अनीता भंडारी, बलवीर सिंह पुंडीर, देव सिंह पुंडीर, दिनेश भंडारी, धीरेंद्र पुंडीर, प्रवीण भंडारी, बिजेंद्र सकलानी, विनोद सुयाल, डॉ. पुखराज सिंह, जगर्नयन बडोनी, रवि गुसाईं सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
