अमर शहीद सूबेदार अजय रौतेला की प्रतिमा का भव्य अनावरण, मां कुंजापुरी मंदिर का भी हुआ उद्घाटन
रामपुर/खाड़ी (नरेंद्रनगर):
कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए वर्ष 2021 में वीरगति को प्राप्त हुए अमर शहीद सूबेदार अजय रौतेला की प्रतिमा का उनके पैतृक गांव रामपुर में आज भव्य अनावरण हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल मुख्य अतिथि और उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कर्नल जोत सिंह रौतेला ने की, जबकि ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से हुई। इसके पश्चात गांव में नव निर्मित मां कुंजापुरी मंदिर का उद्घाटन भी सांसद और कैबिनेट मंत्री द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ।
वीरों की धरती रामपुर
रामपुर गांव को ‘वीर सैनिकों की धरती’ कहा जाता है। प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध से लेकर 1962, 1965, 1971 और कारगिल युद्ध में यहां के जवानों ने देश के लिए बलिदान दिया है। आज भी बड़ी संख्या में यहां के युवक भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं।
सांसद व मंत्री का भव्य स्वागत
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का गांव पहुंचने पर ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में सांसद ने कहा, “भारतीय सैनिकों की वीरगाथाएं अमर हैं, और शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।” उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी सांसद निधि से इस प्रतिमा की स्थापना हेतु आर्थिक सहयोग किया है। ग्रामवासियों व शहीद परिवार ने उनका आभार व्यक्त किया।
मंत्री सुबोध उनियाल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह आयोजन ना केवल एक वीर सैनिक के प्रति सम्मान है, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। उन्होंने क्षेत्र के विकास संबंधी योजनाओं की भी चर्चा की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छलका सम्मान
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी ने शहीद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए एक मार्मिक गीत प्रस्तुत किया। स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत गाकर वातावरण को भावुक बना दिया। प्रसिद्ध कवि सोमारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने अपनी कविताओं के माध्यम से शहीद को श्रद्धांजलि दी।
विशिष्ट जनों की उपस्थिति
इस मौके पर नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, कै. नरेंद्र सिंह रौतेला (सेवानिवृत्त), गौ सेवा समिति अध्यक्ष जबर सिंह रौतेला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बीना सज्वाण, शहीद के छोटे भाई दीपक रौतेला, एडवोकेट हरपाल सिंह रौतेला, शीशपाल रौतेला, शूरवीर सिंह भंडारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शहीद परिवार को नमन
शहीद की धर्मपत्नी विमला रौतेला को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही उनके परिवारजनों – डी.एस. रौतेला, एडवोकेट राजपाल सिंह मियां, पूर्व प्रधान शिवराज सिंह मियां, वर्तमान प्रधान पिंकी रौतेला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरिता रौतेला, इंद्र सिंह नेगी, संगरूप सिंह नेगी, बिक्रम सिंह भंडारी, सत्ये सिंह भंडारी आदि ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर श्रद्धांजलि दी।
