दिनांक: 09 अप्रैल 2025 | स्थान: चमोली
मुख्यमंत्री के निर्देश पर चारधाम यात्रा तैयारियों की ग्राउंड ज़ीरो से निगरानी
चारधाम यात्रा 2025 की तैयारियों की समीक्षा, 25 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार, चारधाम यात्रा की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के सचिव व बद्रीनाथ धाम के नोडल अधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार ने बुधवार को चमोली कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की।
डॉ. कुमार ने कमेड़ा से बद्रीनाथ तक सड़क, बिजली, पानी व अन्य बुनियादी सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और सभी विभागों को 25 अप्रैल तक अपनी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
प्रमुख निर्देश व कार्य योजना:
- नंदप्रयाग, कमेड़ा व पागलनाला में अगले 15–20 दिनों के भीतर प्रोटेक्शन वर्क व डामरीकरण कार्य पूर्ण करें।
- जोगीधारा में सड़क किनारे पड़े बड़े पत्थर हटाने का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण करें।
- हाथीपहाड़ के पास गैबियन वॉल का निर्माण जून तक पूरा किया जाए।
- सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करते हुए “हरित चारधाम” की अवधारणा को सफल बनाने हेतु डिस्पोजल प्लान तैयार किया जाए।
डॉ. कुमार ने अधिकारियों व कर्मचारियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नमक, चीनी व तेल के सेवन में 10% की कटौती की अपील भी की।
मुख्य चिकित्साधिकारी को यात्रा मार्गों पर मेडिकल रिलीव पोस्ट के लिए स्थान चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही, बद्रीनाथ में दीर्घकालिक पेयजल आपूर्ति योजना तैयार करने के निर्देश जल संस्थान को दिए गए।
माणा एवलांच रेस्क्यू ऑपरेशन के सफल संचालन पर डॉ. कुमार ने जिला प्रशासन की सराहना की।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी की जानकारी के अनुसार:
- कमेड़ा से नंदप्रयाग तक निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है।
- नंदप्रयाग में रैंप निर्माण से सड़क पर मलबा आने की समस्या कम हुई है।
- बद्रीनाथ में बिजली और जल आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित है।
- स्वास्थ्य सेवाओं में विवेकानंद हॉस्पिटल, पीपलकोटी व बद्रीनाथ द्वारा सहयोग किया जा रहा है।
- सभी जरूरी कार्य 25 अप्रैल तक पूरे कर लिए जाएंगे।
बाढ़ सुरक्षा योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण
डॉ. राजेश कुमार ने पीपलकोटी (विकासखंड दशोली) के मेहरगांव गधेरा, प्यूली गधेरा और अगथला गधेरा में राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (SDMF) के तहत प्रस्तावित बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन योजनाओं को क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक और लाभकारी बताया।
