अवैध खनन पर भाजपा सांसद की मुहर, कांग्रेस ने सरकार को घेरा
भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खुद उठाया अवैध खनन का मुद्दा, कांग्रेस ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
जिला कांग्रेस कमेटी, टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार की शह पर अवैध खनन चरम पर है। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस लंबे समय से सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही थी, लेकिन भाजपा इसे नकारती रही। अब भाजपा के ही पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लोकसभा में दूसरी बार अवैध खनन का सवाल उठाकर इस मुद्दे पर मुहर लगा दी है।
राकेश राणा ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में अवैध खनन का कारोबार जोरों पर है और इसमें सरकार की संलिप्तता है। अब भाजपा के विधायक और संगठन के नेता सफाई देते फिर रहे हैं।
जातिवाद का आरोप और आईएएस असोसिएशन का विरोध
राकेश राणा ने कहा कि भाजपा का जातिवादी चेहरा भी उजागर हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के एक लोकसभा सांसद ने अनुसूचित जाति के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश की, जो भाजपा की संकीर्ण और कुंठित मानसिकता को दर्शाता है।
वहीं, आईएएस असोसिएशन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए भाजपा सांसद के इस व्यवहार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अधिकारी लामबंद होकर भाजपा सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
भ्रष्टाचार पर भी हमला
कांग्रेस नेता ने कहा कि उत्तराखंड भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के दलदल में डूब चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विकास की बात करने के बजाय सिर्फ भ्रष्टाचार और जातिवाद को बढ़ावा दे रही है।
