उत्तराखंड आंदोलन की शहीद बेलमती चौहान को शहादत दिवस पर दी श्रद्धांजलि
नगर पंचायत गजा में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा, शहीद के परिजनों सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने किया नमन
गजा, 02 सितंबर 2026, रिपोर्ट: डी.पी. उनियाल, गजा। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान मसूरी गोलीकांड में शहीद हुईं स्व. बेलमती चौहान की शहादत दिवस पर नगर पंचायत गजा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। नगर पंचायत गजा स्थित शहीद बेलमती चौहान स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में उनके परिजनों सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शहीद बेलमती चौहान चौराहे पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर उनके पुत्र रणजीत सिंह चौहान, पुत्रवधू श्रीमती सविता चौहान, पोते दक्ष चौहान तथा पुत्रियों श्रीमती सरिता रावत और श्रीमती लक्ष्मी नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर शहीद बेलमती चौहान को श्रद्धांजलि दी गई।
शहीदों की शहादत को भुलाया नहीं जा सकता
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान एवं पूर्व अध्यक्ष श्रीमती मीना खाती ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में शहीद हुए आंदोलनकारियों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य की मांग के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सभी शहीदों को प्रदेशवासी सदैव याद रखेंगे।
जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती एवं जोत सिंह असवाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की नींव खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा सहित विभिन्न स्थानों पर शहीद हुए आंदोलनकारियों के बलिदान और संघर्ष पर रखी गई है। उन्होंने राज्य आंदोलन के सभी शहीदों को नमन करते हुए उनके सपनों के उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने किया नमन
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सभासद सुनील सिंह चौहान, जोत सिंह चौहान, व्यापार सभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद चौहान, भाजपा के पूर्व जिला मंत्री गजेंद्र सिंह खाती, सभासद एवं मंत्री प्रतिनिधि भगवान सिंह चौहान सहित अन्य लोगों ने शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर तहसीलदार गजा राजेंद्र सिंह गुनसोला, सभासद जसवंत सिंह, श्रीमती रंजना चौहान, प्रियंका चौहान, रमेश चंद्र नयाल, ग्राम प्रधान राधिका नेगी, वीरेंद्र चौहान, मनजीत सिंह नेगी, बचन सिंह खडवाल, यशपाल सिंह चौहान, सोबत सिंह चौहान सहित पुलिस चौकी से मनीष रावत एवं सचिन सैनी तथा नगर पंचायत के रोहित परमार, महेश खाती, बलवंत सिंह और गजे सिंह मौजूद रहे।
इसके अलावा खलुण, दुवाकोटी, कोटी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों एवं व्यापारियों ने भी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान “शहीद बेलमती चौहान अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंजता रहा। उपस्थित लोगों ने राज्य आंदोलन के शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया और उनके योगदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।
