ईवीएम वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण, सीलन और टूटे शीशे की तत्काल मरम्मत के दिए निर्देश
टिहरी, 02 सितंबर 2026। जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में ईवीएम वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयर हाउस में लागू डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, पुलिस बल की तैनाती तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं स्थिति का परीक्षण किया। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को वेयर हाउस में सुरक्षित रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई।
सीलन और टूटे शीशे की तत्काल मरम्मत के निर्देश
निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस की ऊपरी मंजिल की छत से सीलन आने की स्थिति सामने आई। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारी को तत्काल उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खिड़की के टूटे शीशों को भी शीघ्र बदलने को कहा, ताकि ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे।
निरीक्षण के बाद दोबारा सील किए गए डबल लॉक कक्ष
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रांग रूम में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत निरीक्षण पूर्ण होने के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में डबल लॉक कक्षों को पुनः सील किया गया।
इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, सहायक अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग सूर्य प्रकाश तथा भाजपा की ओर से जयेंद्र पंवार, राम लाल नौटियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
