एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सकलाना क्षेत्र का किया निरीक्षण, विद्यालयों, पुलिस चौकी और मतदान केंद्र का लिया जायजा
शिक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 02 अगस्त 2026।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने शनिवार को सकलाना क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विद्यालयों, पुलिस चौकी कुमाल्डा तथा दुबड़ी मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विद्यालयों में शिक्षा और स्वच्छता व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अपर जिलाधिकारी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुमाल्डा, जूनियर हाई स्कूल कुमाल्डा तथा राजकीय हाई स्कूल कुमाल्डा का निरीक्षण किया।
उन्होंने विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने, बरसात के मौसम को देखते हुए झाड़ियों की नियमित कटाई कराने तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति और पठन-पाठन की गुणवत्ता का आकलन किया। शिक्षकों को निर्देशित किया कि कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि प्रत्येक छात्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सके।
उन्होंने विद्यालयों की उपस्थिति पंजिका सहित विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
पुलिस चौकी कुमाल्डा में सत्यापन अभियान तेज करने के निर्देश
विद्यालय निरीक्षण के बाद अपर जिलाधिकारी ने पुलिस चौकी कुमाल्डा का निरीक्षण किया।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों एवं सौंग बांध परियोजना में कार्यरत श्रमिकों का शत-प्रतिशत सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
एडीएम ने कहा कि सत्यापन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए। उन्होंने नियमित गश्त बढ़ाने, जनसंपर्क मजबूत करने तथा स्थानीय नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
दुबड़ी मतदान केंद्र पर एसआईआर अभियान की समीक्षा
भ्रमण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने दुबड़ी मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न किया जाए। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल किया जाए तथा अपात्र अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के संबंध में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए मतदाता सूची का अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है।
