कर वसूली सहायिका बीना चमोली को भावभीनी विदाई, सहकारी समिति में हुआ सम्मान समारोह
समर्पण, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल रहीं बीना चमोली, समिति अध्यक्ष ने चारधाम चित्र भेंट कर किया सम्मानित
नकोट, चंबा/टिहरी गढ़वाल, SKS News।
बहुउद्देश्यीय साधन सहकारी समिति तुंगोली-नकोट में कर वसूली सहायिका के पद पर लगभग 29 वर्षों तक पूर्ण समर्पण, ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ सेवाएं प्रदान करने वाली श्रीमती बीना चमोली की सेवानिवृत्ति पर एक भावपूर्ण विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उनके उत्कृष्ट योगदान को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समिति अध्यक्ष दिलबीर सिंह मखलोगा ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया तथा श्रीमती बीना चमोली को चारधाम की पावन तस्वीर स्मृति चिन्ह स्वरूप भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बीना चमोली ने अपने पूरे सेवा काल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं संस्था के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि उनका कार्य अनुभव, सामाजिक समझ एवं जनहित के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। समिति अध्यक्ष ने आशा व्यक्त की कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वह अपने अनुभव एवं मार्गदर्शन से समाज और सहकारिता क्षेत्र को लाभान्वित करती रहेंगी।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी चंबा गोविंद सिंह खरोला, सचिव नकोट अश्विनी बहुगुणा, सचिव सौड़कुंड एवं सावली संजय चंद रमोला, प्रभारी सचिव चंबा देवेंद्र सिंह पुंडीर, प्रभारी सचिव बगासूधार अमरदेव बेलवाल, बोर्ड सदस्य सुंदर सिंह बिष्ट, श्रीमती शांति देवी सहित समिति के दिनेश चंद्र रमोला एवं विजय सिंह रावत ने श्रीमती बीना चमोली के दीर्घ, स्वस्थ, सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संस्था की प्रगति उसके समर्पित कर्मचारियों की मेहनत और ईमानदारी पर निर्भर करती है तथा श्रीमती बीना चमोली ने अपने सेवाकाल में इस भावना को पूरी निष्ठा के साथ निभाया है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों एवं उपस्थित जनों ने उनके सम्मान में अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके योगदान को सराहा तथा भावुक माहौल में उन्हें विदाई दी।
