फसल उत्पादन की गणना के लिए दो खेतों में 30 वर्ग मीटर के प्लॉट पर किया गया प्रयोग, सरकार की योजनाओं को मिलेगा वैज्ञानिक आधार
टिहरी/17 मई 2025: जिलाधिकारी टिहरी मयूर दीक्षित ने राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र रानीचौरी के अंतर्गत ग्राम केमवालगांव का दौरा किया। इस दौरान उनकी उपस्थिति में गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग की गई, जिसमें वैज्ञानिक विधि से फसल उत्पादकता का आंकलन किया गया।
गांव के दो खेतों में 30 वर्ग मीटर के प्लॉट चिन्हित कर क्रॉप कटिंग की गई, जिनमें क्रमशः 11.37 किलो और 7.80 किलो गेहूं की उपज प्राप्त हुई। इन प्रयोगों को आधुनिक तकनीक के तहत ऑनलाइन ऐप की सहायता से संपादित किया गया।
क्रॉप कटिंग प्रयोगों से प्राप्त आंकड़े राज्य और केंद्र सरकार को योजनाएं तैयार करने में मदद करते हैं, जिससे किसानों को अधिक लाभ पहुंचाया जा सके।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर ग्राम प्रधान को सुझाव दिया कि नगदी फसलें लगाई जाएं जो कम पानी की आवश्यकता वाली हों और जंगली जानवरों से सुरक्षित भी रहें। इसके लिए उन्होंने उद्यान विभाग से संपर्क कर बीज व तकनीकी जानकारी प्राप्त करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने ग्राम के आंगनवाड़ी केंद्र और पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी को नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित किया जाए तथा पंचायत घर में कंप्यूटर लगाकर डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान राखी, तहसीलदार टिहरी शाहदाब, सहायक भूलेख अधिकारी, अपर सांख्यिकी अधिकारी, स्थानीय किसान एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
