कोटी कॉलोनी–डोबरा मोटर मार्ग परियोजना को मिली गति, यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की समीक्षा, 15 जून तक संयुक्त निरीक्षण एवं औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 2 जून 2026, SKS News।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में पर्यटन मार्ग कोटी कॉलोनी से डोबरा तक प्रस्तावित मोटर मार्ग परियोजना के अंतर्गत यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा कार्यों की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, चम्बा के अधिशासी अभियंता जगदीश खाती ने बताया कि कोटी कॉलोनी से डोबरा तक 15.77 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित मोटर मार्ग परियोजना पर विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यवाही गतिमान है। उन्होंने कहा कि परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु यूटिलिटी शिफ्टिंग से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं संचालित की जा रही हैं।
जल निगम के अधिशासी अभियंता के.एन. सेमवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पेयजल लाइनों के शिफ्टिंग कार्य के लिए संबंधित विभागों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा तथा आगामी 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।
वहीं जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रशांत भारद्वाज ने बताया कि मार्ग निर्माण के दौरान प्रभावित होने वाले हैंडपंपों के संबंध में शिफ्टिंग प्रस्ताव तैयार किया जाना है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र में स्थित सभी हैंडपंपों का विधिवत सर्वेक्षण एवं आकलन कर उन्हें स्थानांतरित करने अथवा आवश्यकता पड़ने पर नए हैंडपंप स्थापित करने के लिए पृथक प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत किया जाए।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि 15 जून तक संयुक्त निरीक्षण, तकनीकी परीक्षण एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रथम 10 किलोमीटर क्षेत्र में कार्य प्रारंभ करने हेतु आवश्यक सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं, ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के क्रियान्वयन में विभागीय समन्वय बनाए रखते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि यूटिलिटी शिफ्टिंग के कारण आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में लोक निर्माण विभाग चम्बा के अधिशासी अभियंता जगदीश खाती, जल निगम के अधिशासी अभियंता के.एन. सेमवाल, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रशांत भारद्वाज, टाडा के नवीन नेगी, यूपीसीएल के अमित रूसिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
