राष्ट्रीय ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड का शानदार प्रदर्शन, अनुज गौड़ और दीपाली ने जीता स्वर्ण पदक
गुवाहाटी में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय सीनियर ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों और अधिकारियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान
टिहरी गढ़वाल, 01 जून 2026, SKS News।
असम के गुवाहाटी स्थित भूगेश्वरी फुकानानी इंडोर स्टेडियम में 29 से 31 मई तक आयोजित 19वीं राष्ट्रीय सीनियर ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों एवं तकनीकी अधिकारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड ग्रेपलिंग संघ का प्रतिनिधित्व करते हुए सार्थक सेमवाल एवं गंगा मेहरा ने सफलतापूर्वक रेफरी कोर्स पूर्ण किया, जबकि अनुज गौड़ ने कोच कोर्स को सफलतापूर्वक संपन्न कर अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय दिया।
खेल प्रदर्शन में भी उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धियां हासिल कीं। अनुज गौड़ ने वेटरन्स वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। वहीं दीपाली ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा चांदनी एवं प्रीती ने रजत पदक जीतकर उत्तराखंड को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में भी उत्तराखंड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्तराखंड ग्रेपलिंग संघ के महासचिव नवीन रयाल को दोनों मैट का डायरेक्टर एवं रेफरी काउंसिल का सचिव नियुक्त किया गया था। उनके कुशल नेतृत्व एवं तकनीकी योगदान के कारण प्रतियोगिता का सफल संचालन सुनिश्चित हुआ। प्रतियोगिता के समापन पर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया।
उत्तराखंड के खिलाड़ियों और अधिकारियों की इस उपलब्धि पर खेल जगत में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता राज्य में ग्रेपलिंग खेल के बढ़ते स्तर, खिलाड़ियों की मेहनत और संघ के सुनियोजित प्रयासों का परिणाम है।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड ग्रेपलिंग संघ के महासचिव नवीन रयाल के नेतृत्व में राज्य में ग्रेपलिंग खेल का निरंतर विस्तार हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन के अवसर प्राप्त हो रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।
उत्तराखंड ग्रेपलिंग संघ के अध्यक्ष अखिलेश मित्तल, कोषाध्यक्ष सागर गर्ग, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, समाजसेवी धीरेंद्र रयाल एवं डॉ. राजेंद्र नेगी ने सभी पदक विजेताओं एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की है।
