कोठी तल्ली में नव निर्मित श्री भैरव देवता मंदिर में हुई मूर्ति स्थापना, रावत बंधुओं ने आयोजित किया विशाल भंडारा
वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधिवत् पूजन के साथ सम्पन्न हुई प्राण-प्रतिष्ठा, क्षेत्रभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद एवं आशीर्वाद
नकोट (टिहरी गढ़वाल), SKS News।
मखलोगी प्रखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत छाती के ग्राम कोठी तल्ली में रावत बंधुओं द्वारा नव निर्मित श्री भैरव देवता मंदिर में विधिवत् वैदिक मंत्रोच्चारण एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भगवान श्री भैरवनाथ की मूर्ति की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा सम्पन्न कराई गई। इस शुभ अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।
धार्मिक वातावरण एवं भक्तिमय माहौल के बीच आयोजित कार्यक्रम में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन-अर्चन एवं प्राण-प्रतिष्ठा की समस्त वैदिक विधियां सम्पन्न कराई गईं। पूजा-अर्चना के उपरांत भगवान श्री भैरवनाथ की मूर्ति को नव निर्मित मंदिर में विधिवत् स्थापित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम कोठी तल्ली के समस्त नागरिकों, रावत बंधुओं तथा उनके ध्याणतों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर भगवान भैरवनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि भैरव देवता क्षेत्र के आराध्य एवं लोकआस्था के प्रमुख केंद्र हैं। मंदिर निर्माण एवं मूर्ति स्थापना से गांव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी तथा युवा पीढ़ी अपनी धार्मिक परम्पराओं एवं सांस्कृतिक विरासत से और अधिक जुड़ सकेगी।
मूर्ति स्थापना के उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने रावत बंधुओं द्वारा किए गए इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की आस्था और एकता का प्रतीक बताया।
ग्रामीणों ने भगवान श्री भैरवनाथ से क्षेत्र की उन्नति, सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की प्रार्थना की। धार्मिक आयोजन के सफल संपादन में ग्रामवासियों एवं रावत बंधुओं का विशेष योगदान रहा।
