भ्रष्टाचार-मुक्त सेवा वितरण की बड़ी उम्मीद
टिहरी गढ़वाल, 20 अगस्त 2025।
टिहरी गढ़वाल जनपद में सेवा वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित योजनाओं के मूल्यांकन हेतु आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
इस पहल के तहत एक AI Caller सिस्टम तैयार किया जाएगा, जो सीधे लाभार्थियों से संवाद स्थापित करेगा। खास बात यह है कि यह कॉलर हिंदी और गढ़वाली भाषा दोनों में संवाद करेगा तथा योजनाओं के वास्तविक अनुभवों को रिकॉर्ड करेगा। इसमें लाभार्थियों से यह जानकारी ली जाएगी कि:
- योजना का लाभ पाने में कितना समय लगा
- कितनी बार कार्यालय जाना पड़ा
- कितना व्यय हुआ
- कितनी कॉल या प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा
AI प्रणाली इन आंकड़ों का ट्रेंड मॉडल पर विश्लेषण कर एक निष्पक्ष रिपोर्ट (Unbiased Report) तैयार करेगी। यह रिपोर्ट योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति बताएगी और यह सुनिश्चित करेगी कि सेवा वितरण भ्रष्टाचार-मुक्त एवं प्रभावशाली हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप है, जो पारदर्शिता और उत्तरदायित्व बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं। एआई आधारित रिपोर्ट से समस्याओं की समय पर पहचान होगी और भविष्य में योजनाओं को और बेहतर ढंग से लागू किया जा सकेगा।
📌 डिस्क्लेमर: यह समाचार आधिकारिक सूचना पर आधारित है। ‘सरहद का साक्षी’ इसकी सत्यता, पूर्णता अथवा किसी भी प्रकार के दावे की ज़िम्मेदारी नहीं लेता। पाठक इस जानकारी का उपयोग अपने विवेक से करें।
