गजा और पोखरी बाजार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रप्रेम के नारों से गूंजा क्षेत्र
नगर पंचायत गजा में अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान के नेतृत्व में बाइक तिरंगा रैली, पोखरी-क्वीली में जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल की अगुवाई में निकली यात्रा
गजा, नरेंद्रनगर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत गजा एवं पोखरी-क्वीली बाजार में तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, नगर पंचायत कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
गजा में चारों वार्डों से होकर निकली बाइक तिरंगा रैली
नगर पंचायत गजा में अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान की अगुवाई में चारों वार्डों एवं बाजार के मुख्य मार्गों से बाइक तिरंगा रैली निकाली गई। रैली नगर पंचायत कार्यालय से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान स्मारक पर पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश गूंजता रहा।
समापन अवसर पर जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि यह सभी भारतवासियों के लिए गर्व का क्षण है कि देश के नागरिक अपने घरों पर सम्मान एवं शान के साथ तिरंगा फहरा रहे हैं।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर राष्ट्रध्वज फहराकर देश के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त करनी चाहिए।
‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से मजबूत होती है एकता और अखंडता
नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना ही देश की एकता और अखंडता को मजबूत करती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में सभासद भगवान सिंह चौहान, रंजना चौहान, प्रियंका चौहान, राजेंद्र सिंह, रमेश चंद्र नयाल, गजेंद्र सिंह चौहान, पूरण सिंह, शैलेंद्र चौहान, दिनेश सिंह खाती, दिनेश नेगी, भगवान सिंह सहित नगर पंचायत गजा के कर्मचारी अजय सिंह, नितेश सिंह, दिनेश चौहान, महेश सिंह, लखन पाल सिंह, गजेंद्र सिंह, बलवंत सिंह खाती एवं पर्यावरण मित्रों ने प्रतिभाग किया।
पोखरी-क्वीली बाजार में भी निकली तिरंगा यात्रा
वहीं दूसरी ओर पोखरी-क्वीली बाजार में जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा ने पूरे बाजार का भ्रमण किया और लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को गर्व के साथ अपने घर पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव में सहभागिता करनी चाहिए।
पोखरी-क्वीली की तिरंगा यात्रा में पूर्व प्रधान मणगांव विनोद सिंह, दिनेश विजल्वाण, व्यापार सभा सचिव मदन विजल्वाण, नरेंद्र तड़ियाल, मोर सिंह असवाल, एसके थपलियाल, बलवीर सिंह, नवीन पुंडीर, ज्ञान सिंह, राजेंद्र सिंह सहित अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
दोनों स्थानों पर आयोजित तिरंगा यात्राओं ने क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक घरों में राष्ट्रध्वज फहराने का संकल्प लिया।
