तीन दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन लोक गायक सौरभ मैठाणी की टीम ने “हिट बिजुली”, “गजा बाजार” जैसे गीतों से बांधा समां, छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने भी लूटी वाहवाही।
गजा (टिहरी गढ़वाल), डीपी उनियाल।
नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत गजा में आयोजित तीन दिवसीय गजा घंटाकर्ण महोत्सव के दूसरे दिन का आयोजन दर्शकों के लिए यादगार बन गया। इस अवसर पर लोकगायक सौरभ मैठाणी के गढ़वाली गीतों ने पूरे पंडाल को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
मुख्य अतिथि रिटायर्ड कर्नल मूर्ति सिंह सजवाण और मेला समिति अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पूर्वाह्न सत्र में राजकीय इंटर कॉलेज गजा, हाई स्कूल ओबरी, और सरस्वती विद्या मंदिर गजा के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इन विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ‘गजा के गौरव’ युवाओं और नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
दोपहर बाद के सत्र में सौरभ मैठाणी और उनकी टीम ने जैसे ही “पहाड़ों कू रैबाशी”, “हिट बिजुली घुमि औला”, “गजा बाजार”, “जय हो कुमाऊं, जय हो गढ़वाल”, “मेरी गाड़ी कू टायर पंचर ह्वैगी” जैसे गीत गाए, पंडाल में मौजूद दर्शक खुद को नाचने से नहीं रोक पाए। मेला समिति के अध्यक्ष और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी झूमते नजर आए।
सौरभ मैठाणी की टीम में महिमा उनियाल, सोनिया रावत, सचिन भारद्वाज, दिलीप अंजवाल और तृप्ता की प्रस्तुतियों ने भी समां बांध दिया। टीम का स्वागत माला पहनाकर अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, सुनील सिंह चौहान, टंखी सिंह नेगी, भाजपा गजा मंडल अध्यक्ष राजेश रावत और महामंत्री जोत सिंह असवाल ने किया।
विद्यालयों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन जगत सिंह असवाल और रमेश नयाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे जिनमें शिक्षक राजेन्द्र सिंह चौहान, अमर देव उनियाल, शैलेंद्र नेगी, महाबीर सिंह नेगी, वंदना कोठियाल, तेजोमयी बधानी, सुनीता रावत, मनीष रावत, सभासद रंजना चौहान, पूर्व सभासद विनोद चौहान, मान सिंह चौहान, रिटायर्ड सूबेदार मनजीत सिंह नेगी, समाजसेवी विक्रम सिंह रावत, तहसीलदार बिनोद तिवारी, राजस्व उपनिरीक्षक पूजा राणा, नगर पंचायत के अजय सिंह, नितेश चौहान तथा प्रगति स्वयं सहायता समूह की कृष्णा चौहान प्रमुख रूप से शामिल रहे।
महोत्सव स्थल पूरी तरह दर्शकों से खचाखच भरा रहा, और आयोजन की सफलता हर किसी के चेहरे पर साफ झलक रही थी।
