गजा पेयजल योजना के 32 लोहे के पाइप चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 24 घंटे में बरामद हुआ ₹10 लाख का सामान
नरेंद्रनगर पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी गए सभी पाइप बरामद; हरिद्वार के दो आरोपियों को मंगलौर से दबोचा
गजा (टिहरी गढ़वाल), 15 जुलाई 2026 | SKS News, रिपोर्ट: डी.पी. उनियाल
टिहरी गढ़वाल पुलिस ने गजा क्षेत्र में पेयजल योजना के लिए रखे गए लगभग ₹10 लाख मूल्य के 32 लोहे के पाइप चोरी होने के मामले का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी किए गए सभी 32 लोहे के पाइप तथा अन्य चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।
14 जुलाई को दर्ज हुआ था मुकदमा
जानकारी के अनुसार जयराज सिंह खणका, पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम साबली, कोतवाली चम्बा ने 14 जुलाई 2026 को थाना नरेंद्रनगर में तहरीर देकर बताया कि बेमुंडा–गजा पम्पिंग पेयजल योजना के लिए रखे गए 5 इंच मोटाई एवं 18 फीट लंबाई वाले 32 लोहे के पाइप गजा-डांडाचली मोटर मार्ग से अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं।
शिकायत के आधार पर थाना नरेंद्रनगर में मुकदमा अपराध संख्या 23/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक यशवंत सिंह खत्री को सौंपी गई।
सीसीटीवी और मैनुअल पुलिसिंग से मिली सफलता
प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल पुलिसिंग, सुरागरसी एवं पतारसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए 15 जुलाई को हरिद्वार जनपद के सलेमपुर, मंगलौर से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी किए गए सभी 32 लोहे के पाइप तथा अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार से टिहरी जिले के चम्बा, खाड़ी एवं गजा क्षेत्रों में ट्रक से ईंटों की सप्लाई का कार्य करते हैं। वापसी के समय ट्रक खाली होने पर अतिरिक्त कमाई के लिए कबाड़ एवं अन्य सामान ले जाते थे।
आरोपियों ने बताया कि करीब 15 दिन पूर्व ईंट सप्लाई के दौरान उन्होंने गजा के पास रखे पाइप देखे थे। इसके बाद 11 जुलाई को चम्बा में ईंटों की सप्लाई करने के बाद 12 जुलाई की रात ट्रक संख्या UK-14 CA-0974 में सभी 32 पाइप भरकर उन्हें रुड़की में कबाड़ी को बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
शहबान पुत्र सहजाद, निवासी टांडा, थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार (हाल निवासी सलेमपुर दादूपुर, थाना रानीपुर), उम्र 22 वर्ष।
उस्मान पुत्र एहसान, निवासी टांडा भनेड़ा, थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार, उम्र 25 वर्ष।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा, उपनिरीक्षक यशवंत सिंह खत्री, शांति प्रसाद डिमरी, मनीष रावत, रामकुमार, विवेक कुमार, उपनिरीक्षक ओमकांत भूषण (प्रभारी CIU शाखा), अशोक कुमार एवं विकास सैनी सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जनप्रतिनिधियों ने पुलिस टीम को दी बधाई
मामले का त्वरित खुलासा करने पर नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, भाजपा मंडल महामंत्री सुनील चौहान तथा ठेकेदार जयराज खणका सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने नरेंद्रनगर थाना पुलिस एवं गजा पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है।
