हरेला पर्व पर कृषि विभाग का पौधारोपण अभियान, ग्राम पाली में लगाए गए 250 नींबू एवं माल्टा के पौधे
हरेला पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और बागवानी को बढ़ावा देने की पहल, किसानों ने उत्साहपूर्वक किया पौधारोपण
चम्बा, टिहरी गढ़वाल, 15 जुलाई 2026 | SKS News
हरेला पर्व के शुभ अवसर पर कृषि विभाग द्वारा विकासखंड चम्बा के ग्राम पाली (गाजणा) में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, हरित आवरण में वृद्धि करना तथा किसानों को फलदार पौधों के माध्यम से अतिरिक्त आय के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से 250 फलदार पौधों का रोपण किया गया, जिनमें मुख्य रूप से नींबू एवं माल्टा की प्रजातियां शामिल रहीं। कार्यक्रम में स्थानीय किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन विकासखंड प्रभारी दिनेश प्रसाद सेमल्टी, न्याय पंचायत प्रभारी भगीरथ जोशी तथा बीटीएम (BTM) अमित रावत के मार्गदर्शन में किया गया।
पौधारोपण अभियान में प्रतिक्षा सजवाण, बीना देवी, किरण देवी, सरोजनी देवी सहित अनेक कृषकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को फलदार पौधों के वैज्ञानिक रखरखाव, सिंचाई, पोषण प्रबंधन एवं संरक्षण के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व केवल एक पारंपरिक त्योहार नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी महत्वपूर्ण संदेश देता है।
