गजा में 27 से 29 मई तक होगा “द्वितीय गजा घंटाकर्ण महोत्सव”, तैयारियों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक
नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों से मांगे सुझाव
गजा | डी.पी. उनियाल
नगर पंचायत गजा में आगामी 27 मई से 29 मई 2026 तक आयोजित होने वाले “द्वितीय गजा घंटाकर्ण महोत्सव” को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान की अध्यक्षता में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापार सभा, टैक्सी यूनियन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक का शुभारंभ करते हुए अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि तीन दिवसीय गजा घंटाकर्ण महोत्सव का आयोजन क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के मार्गदर्शन में विगत वर्ष से प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि महोत्सव को इस वर्ष और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस बार महोत्सव में स्थानीय लोक गायकों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय लोक संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार सूर्यचंद्र चौहान ने कहा कि महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की पौराणिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और विकास कार्यों का संगम भी है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विभिन्न योजनाओं एवं नई जानकारियों का लाभ मिलता है।
बैठक के दौरान महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी, स्थानीय व्यापारियों के लिए दुकानें लगाने, ढोल-दमाऊ एवं मस्कबीन जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों को आमंत्रित करने तथा निकटवर्ती विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं झांकियों को शामिल करने जैसे कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे गए। महोत्सव को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का भी गठन किया गया।
बैठक में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा जिला मंत्री श्रीमती मीना खाती, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, गजेंद्र खाती, विनोद सिंह चौहान, सुनील चौहान, प्रियंका चौहान, रविंद्र राज, सभासद रंजना चौहान, जसवंत सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा चौहान, मंजू देवी, ममता खडवाल, प्रधान सुरेश कोठारी, फ्योंला देवी, सोनम नेगी, मान सिंह सजवाण, मदन सिंह खडवाल, पूरण सिंह चौहान, अधिशासी अधिकारी रोहित परमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
