चंबा में राजकीय पेंशनर्स संगठन की बैठक संपन्न, पेंशनरों की समस्याओं पर हुई चर्चा
संगठन ने पेंशन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और गोल्डन कार्ड से जुड़े मामलों के समाधान का दिलाया भरोसा
चंबा | रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
चंबा स्थित श्री दुर्गा मंदिर परिसर में राजकीय पेंशनर्स संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन अध्यक्ष जगमोहन चौहान ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त पेंशनर्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपनी समस्याओं को संगठन के समक्ष रखा।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष जगमोहन चौहान ने कहा कि संगठन सदैव राजकीय सेवानिवृत्त पेंशनरों के हितों के लिए कार्य करता रहा है। उन्होंने संगठन की मजबूती पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पिछली बैठक में प्राप्त अधिकांश समस्याओं का समाधान करवाया जा चुका है।
उन्होंने श्री सोहनलाल नेगी की रुकी हुई पेंशन बहाल होने पर खुशी जताई तथा जगदीश प्रसाद थपलियाल के पेंशन प्रकरण पर भी चर्चा की। बैठक में चिकित्सा प्रतिपूर्ति, गोल्डन कार्ड तथा अन्य पेंशन संबंधी विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान संगठन में नए सदस्यों को सदस्यता भी दिलाई गई। श्री सोहनलाल आर्य का माला पहनाकर संगठन में स्वागत किया गया।
अध्यक्ष जगमोहन चौहान ने कहा कि कुछ लंबित मामलों के समाधान हेतु टिहरी शाखा से भी समन्वय स्थापित कर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पेंशनरों की समस्याओं के निस्तारण के लिए संगठन निरंतर सक्रिय रहेगा।
महासचिव अनंत नारायण बहुगुणा ने पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा प्रस्तुत की, जबकि कोषाध्यक्ष जी पी उनियाल ने आय-व्यय का ब्यौरा रखा।
बैठक में यह सुझाव भी सामने आया कि संगठन कार्यालय हेतु नगर पालिका परिषद चंबा एवं जिलाधिकारी से स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा।
बैठक में चिकित्सा मंत्री सुबोध उनियाल की कार्यशैली की सराहना की गई। वहीं पूर्व संगठन सदस्य श्रीदेव मंमगाई के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्याम सिंह मखलोगा, संगठन प्रवक्ता सोमवारी लाल सकलानी, हर्षमणी बहुगुणा, गुरु प्रसाद बहुगुणा, शिव सिंह राणा, पीडी थपलियाल, सोहन सिंह नेगी, लाखी राम उनियाल, जोध सिंह पंवार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
